दरभंगा : वर्ष 2014-15 में मध्याह्न् भोजन योजना के सफल संचालन के लिए सदर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय चिकनी के शिक्षा समिति को बुधवार को पुरस्कृत किया गया. एमडीएम कार्यालय द्वारा आयोजित सम्मान समारोह सह प्रशिक्षण कार्यशाला को संबोधित करते हुए डीडीसी विवेकानंद झा ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़नेवाले बच्चों की अच्छी शिक्षा की जिम्मेवारी शिक्षकों पर है.
जबतक शिक्षक बच्चों के प्रति समर्पित नहीं होंगे तबतक इन विद्यालयों में शिक्षा का स्तर ऊंचा नहीं होगा. शिक्षकों का आत्ममंथन करने की नसीहत देते हुए उन्हें अपने गुरु एवं उनकी प्रतिष्ठा क ो याद दिलायी. उनका कहना था कि आज भी शिक्षकों को वह सम्मान मिल सकता है बशर्त्ते उन्हें अपने कर्त्तव्यबोध के लिए सजग रहना होगा.
जरूरत इस बात की है कि इस तरह के सम्मान के लिए सभी प्रयास क रें साथ ही प्रतिस्पर्धा की भावना लायें. चंद्रधारी संग्रहालय के हॉल में प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों व समन्वयकों को स्थापना के डीपीओ दिनेश साफी एवं एमडीएम के डीपीओ संग्राम सिंह ने भी संबोधित किया. उत्क्रमित मध्य विद्यालय चिकनी के शिक्षा समिति के सचिव गीता देवी, एवं सदस्य धनीराम चौपाल, जलेश्वरी देवी, राजो देवी, सावित्री देवी, दौलत कुमारी, चमेली कुमारी, पारो देवी, सुनैयना देवी, हरिशंकर दाहा को पुरस्कृत किया गया.
कार्यक्रम में सबों को स्लाइड के माध्यम से इस योजना के बेहतर संचालन का क्लिप दिखाया गया. उल्लेखनीय है कि विद्यालय के अध्यक्ष मरछिया देवी व प्रधानाध्यापक नवीन कुमार को विभाग की ओर से पटना में पुरस्कृत किया था. इन्हें भी फिर से सम्मानित किया गया. इस मौके पर जिला समन्वयक शिव कुमार, डीआरपी चंदा कुमारी, विमल झा, नगर बीइओ छठू यादव, सदर बीइओ देवशरण राउत, केवटी बीइओ कृष्ण कुमार मौजूद थे.
