Darbhanga News: बेनीपुर. आगामी विधानसभा चुनाव में बेनीपुर 80 विधानसभा क्षेत्र के 36 पंचयात के दो लाख 99 हजार 568 मतदाता क्षेत्र के 350 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इस बार चुनाव में सात हजार 340 नए युवा मतदाताओं को पहली बार मताधिकार का प्रयोग कर जनप्रतिनिधि चुनने का अवसर मिलेगा. 30 सितंबर को जारी अंतिम मतदाता सूची के अनुसार इस बार महिला मतदाताओं से अधिक पुरुष मतदाताओं का ही सभी बूथों पर बोलबाला रहेगा. जानकारी के अनुसार दो लाख 99 हजार 568 मतदाताओं में पुरुष मतदाताओं की संख्या एक लाख 52 हजार 690 व महिला मतदाताओं की संख्या एक लाख 39 हजार 531 है. यानी इस बार भी महिला मतदाताओं से 13 हजार 159 पुरुष मतदाताओं की संख्या अधिक है. वहीं सात मतदाता थर्ड जेंडर के हैं. जारी मतदाता सूची के अनुसार सात हजार 340 नए मतदाताओं का नाम सूची में शामिल किया गया है. इस वर्ष मतदाताओं की बढ़ती जनसंख्या के आधार पर मतदान केंद्रों में भी काफी इजाफा हुआ है. पिछले विधानसभा चुनाव में 298 मतदान केंद्र थे, परंतु इस बार के चुनाव में 350 बूथों पर वोटर मतदान करेंगे. इसमें बेनीपुर प्रखंड में मतदान केंद्र संख्या एक से 221 तक एवं बहेड़ी प्रखंड में मतदान केंद्र संख्या 222 से 305 तक है. इसके अलावा मतदान केंद्र संख्या 306 से 350 यानी 45 मतदान केंद्रों पर बिरौल प्रखंड के पांच पंचायतों के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर नई सरकार के लिए प्रतिनिधि का चुनाव करेंगे. बेनीपुर विधानसभा के सहायक निर्वाची पदाधिकारी सुदीप शंकर झा ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी पूरी कर ली गई है. मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन के साथ सभी मतदान केंद्रों का गठन कर लिया गया है. इन मतदान केदों पर मतदाताओं के लिए मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में पहल जारी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
