दरभंगा में ट्रक से भिड़ी कार, डॉक्टर व चालक की मौत

दरभंगा : एनएच 57 पर बसैला मोड़ के पास बुधवार को शाम करीब सात बजे कार एवं ट्रक के बीच जोरदार टक्कर में कार सवार डॉक्टर एवं चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. कार पर सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना में ट्रक चालक भी बुरी तरह से […]

दरभंगा : एनएच 57 पर बसैला मोड़ के पास बुधवार को शाम करीब सात बजे कार एवं ट्रक के बीच जोरदार टक्कर में कार सवार डॉक्टर एवं चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. कार पर सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना में ट्रक चालक भी बुरी तरह से जख्मी हो गया. चिकित्सक की पहचान एसकेएमसीएच मुजफ्फरपुर के सीनियर रेजिडेंट डॉ आशुतोष कुमार सिंह के रूप में की गयी है. डॉ सिंह बेगूसराय जिला के निवासी थे तथा दरभंगा में रह रहे थे.

मृतक चालक सह कंपाउंडर की पहचान रानीपुर गांव निवासी उपेंद्र यादव के पुत्र मुकेश कुमार यादव के रूप में की गयी है. घायलों में करमगंज मुहल्ला निवासी डॉ शब्बर, बोरिंग रोड एसके पुरी पटना के सहदेव शर्मा के पुत्र अमरनाथ कुमार तथा अशोक राय के पुत्र गौरी शंकर बताया जा रहा है.
जानकारी के अनुसार डॉ आशुतोष अपनी कार से सहयोगियों के साथ सकरी की ओर किसी मरीज का ऑपरेशन करने जा रहे थे. इसी बीच तेज रफ्तार कार का चक्का बसैला मोड़ के पास ब्रस्ट कर गया और कार अनबैलेंस होकर रोड का डिवाइडर पार करते हुए दूसरे लेन में सकरी की ओर से आ रहे ट्रक से टकरा गयी.
घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना की पुलिस के साथ एएसआइ वरुण कुमार बसैला मोड़ पहुंचे. दोनों लाश को पोस्टमार्टम के लिये डीएमसीएच ले गयी. वहीं बुरी तरह से घायल दो सहयोगी एवं ट्रक चालक को इलाज के लिए डीएमसीएच भेजा गया. घायल डॉ शब्बर को इलाज के लिए किसी निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है वहीं गौरी शंकर को पटना रेफर कर दिया गया है.
घटनास्थल पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गयी. पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल किया. बताया जाता है कि दरभंगा व सकरी में डॉ आशुतोष का क्लिनिक है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >