हायाघाट (दरभंगा) : सहोड़ा मोड़ के निकट मंगलवार को जदयू नेता सह ठेकेदार मो. सैफ उर्फ मुन्ना खान की अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी. अपराधी स्कॉर्पियो सहित लाश साथ ले गये.
बाद में शव और स्कार्पियों को अब्दुल्ला चौक, रघपुरा से बरामद किया गया. इसमें मुन्ना का ड्राइवर भी शामिल था. घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी बाबू राम सहित कईथाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस स्कॉर्पियो चालक से पूछताछ शुरू की. शुरू ड्राइवर ने बताया कि हायाघाट-होरलपट्टी पथ पर सहोड़ा मोड़ के निकट दो अपराधी लिफ्ट मांग कर गाड़ी में पीछे बैठ गये. कुछ दूर आगे जाने पर मो. सैफ के सिर में पीछे से दो गोली मार दी.
इसके बाद अपराधियों ने चालक को उतार कर लाश समेत स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गये. ड्राइवर रिजवान के मुताबिक गोली लगने के बाद मो. मुन्ना सीट पर गिर गये. उनकी मौत हो गई. लेकिन, पुलिस को उसकी कहानी सच्ची नहीं लगी. कड़ाई से पूछताछ करने पर ड्राइवर रिज़वान खां ने अपना अपराध कबूल कर लिया है.
उसके बयान के आधार पर पुलिस स्कार्पियो सहित डेड बॉडी को अब्दुल्ला चौक, रघपुरा से बरामद कर ली. एसएसपी बाबूराम ने बताया कि मृतक के गांव के ही दो अन्य अभियुक्तों अमीरुल तथा शमीम ने ड्राइवर की मिलीभगत से घटना को अंजाम दिया. पूर्व से परिचित होने के कारण दोनों को लिफ्ट मांगने पर अपनी गाड़ी में बैठाया. एपीएम के पास पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार दोनों ने गोली मार दी.
दोनों ने ड्राइवर की मदद से गाड़ी सहित शव को अब्दुल्ला चौक के पास एक स्थान पर छिपा दिया. ड्राइवर पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार वापस आकर मृतक के शव के अपहरण का नाटक रचकर पुलिस और परिवार के लोगों को गुमराह किया. एसएसपी ने बताया कि घटना में और अभियुक्तों के शामिल होने की जांच के साथ दोनों फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है.
