दरभंगा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अप्रैल को दरभंगा आ रहे हैं. वे यहां राज मैदान में विजय संकल्प सभा को संबोधित करेंगे. उनके साथ इस सभा में मुख्यमंत्री सह जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के अलावा उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, केंद्रीय मंत्री सह लोजपा सुप्रीमो राम विलास पासवान तथा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय सहित कई राजग के कई दिग्गज राजनेता भी शिरकत करेंगे. Âबाकी पेज 15 पर
पीएम नरेंद्र मोदी
श्री मोदी दिल्ली से हवाई मार्ग से यहां आयेंगे. जानकारी के अनुसार उनका विमान दरभंगा वायु सेना के हवाई अड्डे पर सुबह 9.55 बजे लैंड करेगा. वहीं वहां से सभा स्थल पर सड़क मार्ग से 10.15 बजे पहुंचेंगे. आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार यहां पीएम का आधा घंटा का कार्यक्रम निर्धारित है.
10.15 से 10.45 बजे तक श्री मोदी का अभिभाषण होगा. 10.50 बजे वे सड़क मार्ग से हवाई अड्डा के लिए प्रस्थान कर जायेंगे. वहां से उनका विमान मध्यप्रदेश के खजुराहो के लिए 11.10 बजे उड़ान भरेगा. इसकी तैयारी लगभग पूरी कर ली गयी है. एआइजी व एसपीजी की टीम ने चाक-चौबंद व्यवस्था की है.
उल्लेखनीय है कि चौथे चरण में प्रमंडल क्षेत्र अंतर्गत दरभंगा के अतिरिक्त समस्तीपुर व उजियारपुर लोकसभा क्षेत्र में मतदान आगामी 29 अप्रैल को होना है. वहीं मधुबनी लोकसभा क्षेत्र में छह मई को वोट डाला जाना है. पीएम की इस विजय संकल्प सभा को लेकर प्रशासनिक स्तर से सुरक्षा के अभूतपूर्व प्रबंध किये गये हैं. एआइजी व एसपीजी के निर्देशन में सुरक्षा व्यवस्था की गयी है. एक दिन पहले से ही पूरा शहर पुलिस छावनी में तब्दील नजर आने लगा है. सुरक्षा के जरूरी सभी इंतजाम किये गये हैं. सभा स्थल परिसर की किलांबदी कर दी गयी है.
