दरभंगा : पटना व दरभंगा सहित देश के चार रेलवे स्टेशनों बम से उड़ाने की धमकी के बाद सोमवार को रेलवे में हड़कंप मच गया. रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 182 पर फोन करने वाले ने खुद को अलकायदा का सदस्य बताया. फोन पर उसने कहा कि अमृतसर, अंबाला, जालंधर, पटना व दरभंगा जंक्शन पर बम फिट कर दिया गया है. सभी जगहों पर निर्धारित समय पर बम ब्लास्ट होगा.
दरभंगा सहित पांच रेलवे स्टेशनों को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप
दरभंगा : पटना व दरभंगा सहित देश के चार रेलवे स्टेशनों बम से उड़ाने की धमकी के बाद सोमवार को रेलवे में हड़कंप मच गया. रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 182 पर फोन करने वाले ने खुद को अलकायदा का सदस्य बताया. फोन पर उसने कहा कि अमृतसर, अंबाला, जालंधर, पटना व दरभंगा जंक्शन पर बम […]

यह खबर मिलते ही रेल प्रशासन से लेकर जिला पुलिस की टीम आनन-फानन में दरभंगा जंक्शन पहुंच गयी. पूरा स्टेशन परिसर छावनी में तब्दील कर दिया गया. तीन श्वान दस्ते के साथ बम निरोधक दस्ते को भी बुला लिया गया. इसके बाद जंक्शन के चप्पे-चप्पे की मेटल डिटेक्टर से जांच की गयी.
इसी क्रम में फोन करनेवाले की ओर से दिये गये लोकेशन में एक सामान लावारिश अवस्था में पड़ा मिला. श्वान दस्ते ने उसे सूंघकर विस्फोटक होने का संकेत दिया. वहां एक चादर में लिपटा कुछसामान के साथ बाहर एक पिट्ठू बैग रखा था. पानी डाल बैग को भिंगो दिया गया. इसके बाद बैग की तलाशी ली गयी, तो उसमें से माचिस का एक डिब्बा निकला. इस बीच, फोन करनेवाले ने फिर बताया कि समय निकल गया. ट्रेनों के साथ ही प्लेटफॉर्म, बाहरी परिसर, यार्ड, यार्ड में खड़ी गाड़ियों व यात्रियों के सामान तक की जांच की गयी. हालांकि कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला. इसके पहले सूचना मिलते ही आरपीएफ इंस्पेक्टर ने वरीय अधिकारियों के साथ जिला पुलिस को खबर की. नगर व विश्वविद्यालय थाने की पुलिस भी पहुंची. बाद में रेल एसपी अशोक कुमार सिंह, डीएसपी स्मिता सुमन व आरपीएफ कमांडेंट अंशुमन त्रिपाठी भी पहुंचे. स्थिति का जायजा लिया. जांच में जीआरपी के पुलिस अधिकारी व जवान भी शामिल थे.
दो बार फोन कर दी धमकी
बताया जाता है कि फोन करनेवाले ने सभी स्टेशनों को उड़ाने के लिए अलग-अलग लोकेशन के साथ समय भी बताया था. दरभंगा जंक्शन को शाम 4.45 बजे, अमृतसर स्टेशन को 3.40 बजे और जालंधर को 3.50 बजे उड़ाने की धमकी दी थी. अंबाला कैंट के लिए समय नहीं बताया. दोबारा किये गये फोन में इस स्टेशन को भी उड़ाने की धमकी दी. उस व्यक्ति ने पहली बार 12.09 बजे फोन कर पटना जंक्शन का भी नाम बताया था. बाद में करीब दो बजे फोन कर कहा था कि दरभंगा स्टेशन के प्लेटफॉर्म एक के उत्तर साइड में बम फिट कर दिया गया है.
मधुबनी की निधि देवी के नाम से जारी है सिम
पुलिस फोन करनेवाले का लोकेशन ट्रैक कर रही है. वोडाफोन कंपनी के सिम से फोन किया गया था, जो मधुबनी के विंदेश्वर पासवान की पत्नी निधि देवी के नाम पर एलॉट है. वहीं उसने खुद को दरभंगा के सूर्या अपार्टमेंट में मौजूद होने की भी बात कही थी. इसकी पुलिस छानबीन कर रही है. माना जा रहा है कि किसी शरारती तत्व ने प्रशासन को अप्रैल फूल बना दिया, जिस कारण घंटों पदाधिकारी व जवान पसीना बहाते रहे. एसआरपी श्री सिंह व कमांडेंट श्री त्रिपाठी ने कहा कि फोन करनेवाले की तलाश की जा रही है. उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जायेगा.