कमिश्नरी के सामने सीएम का पुतला दहन कर जताया विरोध
दरभंगा : राज्य कार्यपालक सहायक संघ के आह्वान पर पांच सूत्री मांगों को लेकर मंगलवार को जिला के कार्यपालक सहायकों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही. इससे तमाम कार्यलयों में लोगों का काम नहीं हो पा रहा है. समाहारणालय स्थित धरना स्थल पर धरना पर बैठ सहायकों ने सरकार के विरोध में नारे लगाये. वहीं दोपहर में सीएम का पुतला लेकर जुलूस निकाला. इसके बाद कमिश्नरी के सामने पुतला दहन किया. मौके पर मौजूद संघ के जिला अध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि सरकार कार्यपालक सहायकों के साथ छलावा कर रही है. मांगे माने जाने का मौखिक आश्वासन देकर टालने का काम किया गया.
संघ के प्रतिनिधियों से वार्त्ता पर बेलट्रॉन एजेंसी से परीक्षा लेकर पैसा बढ़ाने की बात कही गयी. संघ के प्रतिनिधियों ने सरकार की यह बात खारिज कर दी है. श्री सिंह ने कहा कि बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन से लिखित, टाइपिंग व इंटरव्यू देकर बहाल किया गया. परीक्षा प्रमोशन के लिये लिया जाता है, न कि वेतन बढ़ाने के लिये विभागीय परीक्षा हमलोग देने को तैयार है. बिना परीक्षा आयोजित किये आइटी मैनेजर व सहायकों को नबंर के आधार पर बहाल कर 40 फीसदी इंक्रीमेंट बढ़ाया गया. सरकार दोहरा रवैया अपना रही है. जब तक हमारी मांगे पूरी नहीं होती हड़ताल जारी रहेगा. बुधवार को मानव श्रृंखला बना विरोध जताया जायेगा.
मौके पर सचिव अनिल कुमार अनल, राजा अली उमर, सौरभ राज, मुकेश कुमार पासवान, मो. गुलाब, रंजन प्रभाकर, नूर आलम, रंगनाथ झा, दीपक कुमार चौधरी, विशाल कुमार, लक्ष्मी राम, बबलू कुमार, सुशील कुमार यादव, प्रीतम कुमार, नीरज कुमार सिंह, विजय कुमार, तारीक, एहसान, अमरनाथ, अविनाश प्रसाद, वसीम हसन रेजा आदि मौजूद थे. इधर बिजली विभाग के नगर कार्यालय में कार्यपालक सहायकों के अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाने से बिल सुधार सबंधी कार्य ठप पड़ गये. काम के बावत इइइ नवीन मंडल ने बताया कि समस्या तो हो रही है. डूप्लीकेट बिल जारी करने की व्यवस्था एइ कार्यालय में की गयी है. ज्यादा कठिनाई होने पर आइटी कर्मियों से काम लिया जायेगा.
