दरभंगा: बहादुरपुर थाना क्षेत्र के वाजितपुर पंचायत के राघेपुरा गांव में भाभी को हथौड़ा से मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपित देवर सह रघेपुरा गांव निवासी संजीत कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपित संजीत की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा भी बरामद कर लिया है. गिरफ्तार आरोपित ने पुलिस को बताया कि भाई से उसका 14 लाख रुपये के लेने-देन का विवाद चल रहा था. वह बराबर पैसे की मांग करता था लेकिन, उसे पैसा नहीं दिया जा रहा था. इस कारण विवाद चल रहा था. घटना के दिन विवाद बढ़ गया.
वह गुस्से में आकर हथौड़ा चला दिया, जिससे भाभी के सिर में चोट लग गयी. इलाज के दौरान पीएमसीएच में उनकी मौत हो गयी. 10 फरवरी को पैसे के विवाद को लेकर संजीत ने अपने भाई रंजीत यादव की पत्नी मनीषी देवी के सिर पर हथौड़ा से मारा था. गंभीर हालत में डीएमसीएच से पीएमसीएच रेफर कर दिया गया. इलाज के दौरान 14 फरवरी को मनीषा की मौत हो गयी.
