सीतामढ़ी जिले के बरगैनिया का रहनेवाला है अपराधी
डीजे वर्ल्ड शो-रूम में चोरी मामले में पुलिस को थी तलाश
आठ अपराधियों ने दिया था
घटना को अंजाम
दरभंगा : नगर थाना क्षेत्र के जीएम रोड स्थित डीजे वर्ल्ड दुकान में पिछले महीने शटर काटकर चोरी मामले में पुलिस ने अन्तर्राज्यीय चोर व सीतामढ़ी जिले के बरगैनिया थाना क्षेत्र के असौंगी गांव निवासी महेन्द्र चौधरी के पुत्र संजय चौधरी को गिरफ्तार किया है. उसके पास से पुलिस ने चोरी की मोबाइल व घड़ी बरामद की है. एएसपी दिलनवाज अहमद ने बताया कि डीजे वर्ल्ड शोरुम में पिछले महीने शटर काटकर टीवी आदि की चोरी हुई थी. मामले के अनुसंधान के क्रम में नगर थानाध्यक्ष सीताराम प्रसाद को पता चला कि मोतिहारी जिले के घोड़ासाहन का शटर कटवा गैंग चोरी की घटना को अंजाम दिया.
गिरोह में सीतामढ़ी जिले के अपराधी संजय चौधरी का भी नाम आ रहा था. आज गुप्त सूचना पर बेला मोड़ के पास से उसे गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तारी के बाद संजय ने अपना अपराध कबूल लिया. संजय ने कबूल किया कि उसने सात अन्य अपराधियों के साथ घटना को अंजाम दिया. बताया कि पिछले दो महीना से वह यहां के कई शो-रूम की रेकी कर रहा था. इसके बाद डीजे वर्ल्ड शोरुम में चोरी की घटना को अंजाम दिया. एएसपी ने बताया कि संजय इससे पहले कोलकाता व मोतिहारी में शटर काटकर चोरी की घटना मामले में गिरफ्तार हो चुका है. यह भी बताया कि उसका भाई विनय चौधरी नेपाल के काठमांडू में चोरी के सामान की खरीद-बिक्री करता है.
डीजे वर्ल्ड से हुई थी छह टीवी की चोरी
बता दें कि पिछले महीने नगर थाना क्षेत्र के डीजे वर्ल्ड में शटर काटकर चोरी की घटना हुयी. घटना के बाद शोरुम के प्रोपराइटर ने 25 लाख रुपये मूल्य के सामान चोरी की बात कही थी. हालांकि प्राथमिकी में उसने इतनी रकम चोरी की बात नहीं लिखी थी. पुलिस को उसी वक्त से दुकानदार की बातों से शंका लग रहा था. आज जब घटना को अंजाम देने में शामिल एक शातिर की गिरफ्तारी हुयी तो पता चला कि दुकान से उनलोगों ने महज छह टीवी ही चोरी की थी.
दो महीने से ससुराल में रह शोरूम का कर रहा था रेकी: संजय अपने ससुराल बहादुरपुर में रहकर डीजे वर्ल्ड शो-रूम की दो महीने तक रेकी की. रेकी के बाद उसने गैंग के सात अन्य सदस्यों के साथ चोरी की घटना को अंजाम दिया. बताया जाता है कि बहादुरपुर रेलवे गुमटी के समीप संजय की पत्नी फल की दुकान चलाती है.
