तैयारियां पूरी, दिल्ली मोड़ स्टैंड से बसों का परिचालन आज से

बस पड़ाव . सदर सीओ को मिली संचालन की जिम्मेवारी डीएम करेंगे उद्घाटन दरभंगा : दिल्ली मोड़ अवस्थित नये बस स्टैंड से गाड़ियों का परिचालन मंगलवार से शुरू हो जायेगा. जिला प्रशासन से इसकी तैयारी पूरी कर ली है. डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह ने सदर सीओ राकेश कुमार को इसके संचालन का जिम्मा सौंपा है. […]

बस पड़ाव . सदर सीओ को मिली संचालन की जिम्मेवारी

डीएम करेंगे उद्घाटन
दरभंगा : दिल्ली मोड़ अवस्थित नये बस स्टैंड से गाड़ियों का परिचालन मंगलवार से शुरू हो जायेगा. जिला प्रशासन से इसकी तैयारी पूरी कर ली है. डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह ने सदर सीओ राकेश कुमार को इसके संचालन का जिम्मा सौंपा है. श्री कुमार ही इसके प्रभार में रहेंगे. स्टैंड के भीतर यात्रियों की मूलभूत सुविधा बहाल कर दी गयी है. डीएम डॉ सिंह 16 जनवरी को इसका विधिवत उद्घाटन करेंगे. इसके बाद से इस स्टैंड से बसों का परिचालन आरंभ हो जायेगा.
सनद रहे कि जनवरी की शुरुआत में ही इसका संचालन आरंभ करने की योजना थी, लेकिन तैयारी पूरी नहीं हो पाने की वजह से इसका संचालन शुरू नहीं हो सका था. इस पर डीएम ने गत दो जनवरी को स्थल निरीक्षण कर समस्याओं को दूर करते हुए बुनियादी सुविधा तत्काल मुहैया कराने का निर्देश दिया था. इसके बाद युद्ध स्तर पर तैयारी चल रही थी.
नया बस स्टैंड नगर निगम क्षेत्र से है बाहर
कादिराबाद स्थित निजी बस स्टैंड से गाड़ियों का परिचालन बंद भी कराया जायेगा. प्रशासन इस दिशा में प्रयत्नशील हो गया है. इसके लिये प्रशासन की तरफ से मंगलवार से ही प्रयास शुरू कर दिया जायेगा. सीओ के अनुसार परिचालन बंद करने के लिये प्रशासन पहले ही दिन से कोशिश में तत्पर रहेगा. बता दें कि शहर के कादिराबाद में निजी बस पड़ाव है. इसी से सभी निजी बसों का परिचालन हो रहा है. यह शहरी क्षेत्राधीन है. लिहाजा नगर निगम इसका संचालन करता है. वहीं नया बस स्टैंड नगर निगम क्षेत्र से बाहर है. यह सदर प्रखंड में आता है. इसलिए इसके संचालन की जवाबदेही सदर सीओ को दी गयी है. एक झटके में कादिराबाद स्टैंड को बंद नहीं किया जायेगा, लेकिन समय के साथ इसे पूरी तरह बंद कर दिया जायेगा.
दूरी के कारण शहर के लोगों को होगी परेशानी
दिल्ली मोड़ बस स्टैंड के संचालन होने से शहर के लोगों को परेशानी होगी. कारण यह कि कादिराबाद बस स्टैंड से इसकी दूरी दो से तीन किमी के बीच है. बीच में एक रेलवे फाटक भी है. सड़क भी संकड़ी है. फलत: दैनिक यात्रियों को अधिक परेशानी होगी. दरभंगा जंक्शन से भी इसकी दूरी अधिक है. हालांकि फोर लेने के समीप अवस्थित होने की दृष्टि से सफल साबित हो सकता है, लेकिन शहर के लोगों के लिये यह परेशानी बढ़ानेवाला ही होगा.
23 साल पहले स्टैंड निर्माण का हुआ था निर्णय
30 अगस्त 1995 में तत्काल डीएम प्राण मोहन ठाकुर की अध्यक्षता में नये बस स्टैंड तैयार करने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया था. इसके लिए सदर अंचल के वासुदेवपुर में 8.67 एकड़ भूमि अधिग्रहण किया गया था. सालों तक ठंडे बस्ते में रहने के बाद तत्कालीन प्रमंडलीय आयुक्त आरके खंडेलवाल ने पिछले साल नये बस स्टैंड के संचालन का दायित्व जिला प्रशासन को सौंपा था. क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार एवं जिला परिवहन कार्यालय में निबंधित छोटी-बड़ी लगभग पांच सौ बस, एक हजार के लगभग चार एवं तीन चक्का सवारी गाड़ी की प्रति खेप की दर से जोड़-घटाव कर इस स्टैंड के संचालन के लिए न्यूनतम राशि एक साल के ठेका लिए एक करोड़ 31 लाख 82 हजार 750 रुपये निर्धारित किया गया था. प्रमंडल आयुक्त का निर्देश पर डीएम श्री सिंह ने निविदा की तिथि तय की. तीनों तिथि में संवेदक ऊंची राशि को देख संविदा में शामिल नहीं हुए. यही कारण रहा कि दो साल से बनकर तैयार बस स्टैंड क्षतिग्रस्त हो रहा था. इसकी मरम्मत कार्य दो जनवरी से प्रारंभ हुआ था.
कादिराबाद स्टैंड कर दिया जायेगा बंद
दो दशक पहले शुरू हुई थी प्रक्रिया
नहीं मिला ठेकेदार, तो प्रशासन ने खुद थामी कमान
अधिकारी बोले
बस स्टैंड चालू होने पर जो समस्याएं सामने आयेंगी उसे आवश्यकता के मुताबिक दूर किया जायेगा. फिलहाल यात्रियों के लिये मूलभूत सुविधा बहाल कर दी गयी है.
राकेश कुमार, सीओ

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >