सदर : सारा मोहम्मद पंचायत में शुक्रवार को ठंढ़ से एक वृद्ध महिला सहित दो लोगों की मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार छपकी वार्ड संख्या 10 निवासी कुशेश्वर पासवान की वृद्ध पत्नी रमिया देवी की ठंढ़ लगने से मौत हो गयी. वहीं सारा मोहम्मद के वार्ड संख्या चार के कमलेश बैठा के 50 वर्षीय पुत्र अशोक बैठा का भी निधन ठंड लगने से हो गया.
बताया जाता है कि अशोक घर से सुबह शौच के लिये निकला था. इसी बीच वह ठंढ़ की चपेट में आ जाने से उसकी मौत हो गयी. दोनों की मौत की सूचना बीडीओ व सीओ को दे दी गयी है. सीओ राकेश कुमार एवं बीडीओ गंगा सागर सिंह ने ठंढ़ से हुई मौत की पुष्टी नहीं की. कहा कि मृतक का पोस्टमार्टम कराने पर ही इसे पुष्ट किया जा सकता है. हालांकि सीओ श्री कुमार ने जांच के लिये कर्मचारी को स्थल पर जाकर तहकीकात करने का निर्देश दिया है. इधर, सीओ ने छपकी में वृद्ध महिला के निधन पर परिजनों को पारिवारिक लाभ के तहत 20 हजार रुपये का चेक उपलब्ध कराया है.
