बहादुरपुर : सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभुक गत तीन महीने से पेंशन की राशि के लिए भटकने पर मजबूर हैं. दिलावरपुर पंचायत स्थित दो वार्ड में सामाजिक सुरक्षा पेंशन के करीब डेढ़ सौ लाभुक इसे लेकर शुक्रवार को सड़क पर उतर गये. दोनार गुमती के समीप प्रदर्शन किया गया.
शनिवार को दोनार-बेनीपुर मुख्य सड़क पर दिलावरपुर पंचायत के समीप प्रदर्शन किया जाएगा. पेंशनधारियों ने पासबुक लेकर अपने आक्रोश को जाहिर किया. इनमें मो. कुलसुम आरा, मसोमात नाजमा खातून, जाहिरा खातून, फातमा खातून, मसोमात अस्मा खातून, जाकिर हुसैन, समीदुन निशा, दाऊद खान, मो. रहमतुल्ला, रामचंद्र यादव, सत्या देवी, राजवती देवी, राम सुंदरी देवी, शमिदा खातून आदि शामिल थे.
इन लोगों ने कहा कि पूर्व में जो पेंशन की राशि आती थी,
उसका भुगतान तीन माह पर बारह सौ रुपये किया जाता था. 21 सितंबर को जो राशि बैंक में भेजी गई है, उसमें तीन माह के बारह सौ के बदले एक सौ ही खाते पर भेजा गया है. जबकि 15 अप्रैल को तीन माह का बारह सौ रुपये का भुगतान किया जाता था. बीडीओ अविनाश कुमार ने बताया कि इसको लेकर सामाजिक सुरक्षा योजना विभाग को पत्र लिखा जाएगा. सामाजिक सुरक्षा के सहायक निदेशक रवि शंकर तिवारी ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है. एनआइसी पटना को इसकी जानकारी दी गई है.
