Airport In Bihar: बिहार में एयर कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए सरकार की ओर से प्लानिंग की जा रही है. इसे लेकर सीएम सम्राट चौधरी ने नागर विमानन विभाग और सिविल विमानन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर कई मुद्दों पर चर्चा की. सरकार की प्लानिंग पूर्वी भारत में बिहार को ऐविएशन हब के रूप में डेवलप किए जाने की है.
सीएम सम्राट ने अधिकारियों संग इन मुद्दों पर की चर्चा
जानकारी के मुताबिक, अधिकारियों ने सीएम सम्राट चौधरी के साथ हवाई अड्डों और हवाई पट्टियों के विकास और आधुनिकीकरण, हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार, सुरक्षा ढ़ाचों का विकास, उड़ान योजना सहित कई मुद्दों पर चर्चा की. खासकर पटना एयरपोर्ट के रनवे के विस्तार को लेकर विचार विमर्श किया गया.
साथ ही दरभंगा एयरपोर्ट को इंटनेशन हवाई अड्डा बनाना, अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफिल्ड हवाई अड्डा परियोजना, पूर्णिया हवाई अड्डा के स्थाई सिविल एन्क्लेव का निर्माण, मुजफ्फरपुर-वाल्मीकिनगर, सहरसा औप बीरपुर हवाई अड्डे का विकास, संशोधित उड़ान योजना के अन्तर्गत बिहार को प्राथमिकता, अतिरिक्त हवाई अड्डों को उड़ान योजना में शामिल करना, फारबिसगंज हवाई अड्डे का अपग्रेडेशन, राज्य की हवाई पट्टियों का तकनीकी मानकों के अनुरूप अपग्रेडेशन जैसे मामलों पर भी चर्चा हुई.
सीएम बोले- 5 साल में 10 गुणा एयर कनेक्टिविटी बढ़ाना उद्देश्य
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में नागरिक उड्डयन का तेजी से विकास हो रहा है. हमलोगों का उद्देश्य अगले 5 साल में एयर कनेक्टिविटी को 10 गुणा बढ़ाना है. राज्य सरकार सभी जिलों में एयर कनेक्टिविटी को विकसित करने के लिए रोडमैप तैयार कर रही है.
सम्राट चौधरी ने स्पष्ट आदेश दिया कि सिविल विमानन विभाग राज्य में हवाई अड्डों के आधुनिकीकरण, सुरक्षा और समावेशी विकास को लेकर विस्तृत योजना पर तेजी से काम करे. पूर्वी भारत में बिहार को क्षेत्रीय ऐविएशन हब के रूप में डेवलप करने के लिए काम करना है.
बिहार में रोजगार और पर्यटन को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा यह भी कि पटना एयरपोर्ट के रनवे के विस्तार और क्षमता में बढ़ोतरी को लेकर तेजी से काम करें. राज्य सरकार नागर विमानन मंत्रालय को पूरा सहयोग करेगी. दरभंगा एयरपोर्ट को इंटरनेशनल एयरपोर्ट का दर्जा मिल जाने पर अन्तर्राष्ट्रीय यात्री संभावनाएं बढ़ेगी.
उन्होंने कहा कि बिहार को एक अग्रणी नागरिक उड्डयन केन्द्र के रूप में डेवलप करना है, जिसमें सुरक्षित, निर्बाध और टिकाऊ संपर्क हो. राज्य में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ने से पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को काफी बढ़ावा मिलेगा. साथ ही यहां रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे.
Also Read: बिहार के 32 जिलों में आज आंधी-बारिश के साथ बिजली गिरने का अलर्ट, IMD की एडवाइजरी जारी
