Bihar Sports Complex: मिथिला के खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी है. अब उन्हें बेहतर सुविधाओं के लिए पटना या दूसरे बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. दरभंगा के लहेरियासराय स्थित नेहरू स्टेडियम की तस्वीर बदलने की तैयारी है.
यहां 200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित करने की योजना है. इसमें क्रिकेट के साथ कई दूसरे खेलों के खिलाड़ियों को भी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी. खास बात यह है कि प्रस्तावित क्रिकेट स्टेडियम को बड़े और डे-नाइट मुकाबलों के अनुरूप तैयार करने की योजना है.
बिहार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और दरभंगा नगर विधायक संजय सरावगी ने इस परियोजना की जानकारी दी है.
नेहरू स्टेडियम की जगह बनेगा आधुनिक खेल परिसर
पुराना नेहरू स्टेडियम अब मिथिला की नई खेल पहचान बनने की ओर बढ़ रहा है. प्रस्तावित परियोजना में मॉडर्न क्रिकेट स्टेडियम के साथ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा.
इसके अलावा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी विकसित करने की योजना है. संजय सरावगी के मुताबिक, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी प्रस्तावित परियोजना का प्रेजेंटेशन देखा है.
IPL जैसे डे-नाइट मुकाबलों की तैयारी
नए क्रिकेट स्टेडियम को सिर्फ स्थानीय मैचों के लिए तैयार नहीं किया जाएगा. इसे बड़े मुकाबलों के मानकों के करीब ले जाने की तैयारी है.
स्टेडियम में हाई-मास्ट लाइट, हाइब्रिड टर्फ पिच, आधुनिक पवेलियन और बड़े डिस्प्ले स्क्रीन जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं. डे-नाइट मैचों के लिए भी जरूरी इंतजाम किए जाएंगे.
IPL मैच की मेजबानी के लिए संबंधित क्रिकेट संस्थाओं के मानकों को पूरा करना जरूरी होगा. हालांकि, प्रस्तावित सुविधाएं इस दिशा में मजबूत आधार तैयार कर सकती हैं.
क्रिकेट के साथ इन खेलों की भी होगी सुविधा
इस परियोजना में सिर्फ क्रिकेट पर फोकस नहीं किया गया है. यहां कई दूसरे खेलों के खिलाड़ियों के लिए भी सुविधाएं विकसित करने की योजना है.
प्रस्तावित इंडोर मल्टीपरपज हॉल में स्विमिंग पूल, बॉक्सिंग रिंग, जूडो और रेसलिंग एरिया बनाया जाएगा. इसके अलावा चार बैडमिंटन कोर्ट की भी योजना है. बास्केटबॉल, स्क्वैश और आधुनिक जिम की सुविधा भी मिलेगी. लॉन टेनिस और वॉलीबॉल के लिए भी जगह प्रस्तावित है. क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए अलग से नेट प्रैक्टिस पिच बनाई जाएगी.
ट्रेनिंग से मेडिकल सुविधा तक, सबकुछ एक जगह
खिलाड़ियों को सिर्फ मैदान ही नहीं मिलेगा. उनकी ट्रेनिंग और फिटनेस पर भी ध्यान दिया जाएगा. परिसर में स्पोर्ट्स साइंस, बायो-मैकेनिक्स और मेडिकल सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव है. इससे खिलाड़ियों को वैज्ञानिक तरीके से ट्रेनिंग लेने में मदद मिल सकती है.
बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के लिए 100 बेड का हॉस्टल बनाने की भी योजना है. गेस्ट हाउस और डाइनिंग हॉल की सुविधा भी प्रस्तावित है. इसका फायदा राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं और ट्रेनिंग कैंप में आने वाले खिलाड़ियों को मिल सकता है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
बड़े मैचों के लिए मल्टीलेवल पार्किंग
स्टेडियम में बड़े मुकाबले होने पर दर्शकों की संख्या भी बढ़ेगी. इसे देखते हुए मल्टीलेवल पार्किंग का प्रस्ताव रखा गया है. परिसर की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए सौर ऊर्जा आधारित व्यवस्था विकसित करने की योजना भी है.
यानी पूरा प्रोजेक्ट सिर्फ क्रिकेट मैदान तक सीमित नहीं रहेगा. इसे आधुनिक खेल परिसर के तौर पर विकसित करने की तैयारी है.
मिथिला के खिलाड़ियों को अपने शहर में मिलेगा बड़ा मंच
दरभंगा और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में युवा अलग-अलग खेलों से जुड़े हैं. बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाओं के लिए उन्हें अक्सर पटना या दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है.
नया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तैयार होने के बाद खिलाड़ियों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर अभ्यास और ट्रेनिंग की सुविधा मिल सकती है. इससे स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा.
संजय सरावगी बोले- खेल प्रतिभाओं को देना है बड़ा मंच
संजय सरावगी के मुताबिक, मिथिला ने शिक्षा, कला और संस्कृति के क्षेत्र में देश को कई प्रतिभाएं दी हैं. अब खेल के क्षेत्र में भी यहां की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की जरूरत है.
उन्होंने कहा कि आधुनिक स्टेडियम और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स हजारों युवाओं के लिए नए अवसर पैदा कर सकता है. इससे मिथिला के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिल सकेगा.
