बिहार के इस जिले को सीएम सम्राट देंगे 1047 करोड़ की सौगात, 213 करोड़ की लेक फ्रंट प्रोजेक्ट का करेंगे उद्घाटन

CM Samrat Choudhary Muzaffarpur Visit: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को मुजफ्फरपुर में 1047.09 करोड़ रुपये की 982 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इसमें सिकंदरपुर लेक फ्रंट परियोजना भी शामिल है.

CM Samrat Choudhary Muzaffarpur Visit: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को मुजफ्फरपुर को विकास योजनाओं का तोहफा देने जा रहे हैं. सीएम यहां करीब 1047.09 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाली कई बड़ी विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस बात की जानकारी साझा की है. उन्होंने बताया कि नगर विकास एवं आवास विभाग के तहत बुडको और मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा कुल 982 विकास योजनाओं की शुरुआत की जाएगी. इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से शहर की सड़कों, नालों की व्यवस्था, पार्कों, घाटों, स्ट्रीट लाइटों और अन्य शहरी बुनियादी सुविधाओं का बड़े पैमाने पर विस्तार होगा.

213 करोड़ से सजेगा सिकंदरपुर लेक फ्रंट

इस बड़े प्रोजेक्ट की सबसे खास बात सिकंदरपुर लेक फ्रंट परियोजना है, जिसे लगभग 213.25 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है. यह प्रोजेक्ट मुजफ्फरपुर को एक बेहद आधुनिक, स्वच्छ और खूबसूरत शहरी पहचान दिलाएगा. सीएम सम्राट चौधरी ने स्पष्ट किया है कि आधुनिक और लगातार होने वाले शहरी विकास के जरिए आम नागरिकों के जीवन को और ज्यादा आसान व बेहतर बनाना ही उनकी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है. इन सभी बुनियादी सुधारों से शहर का रहन-सहन पूरी तरह बदल जाएगा.

हाजीपुर से पेपरलेस रजिस्ट्री की ऐतिहासिक शुरुआत

मुजफ्फरपुर के इस दौरे से ठीक पहले शनिवार को सीएम सम्राट चौधरी हाजीपुर पहुंचे थे. वहां उन्होंने जिला निबंधन कार्यालय से राज्य की एक आधुनिक, डिजिटल और पूरी तरह पेपरलेस रजिस्ट्री व्यवस्था का उद्घाटन. इस नई सेवा के तहत अब लोगों को होम रजिस्ट्रेशन, जमीन की ऑनलाइन जांच, पेपरलेस रजिस्ट्री और जीआईएस (GIS) मैपिंग जैसी हाई-टेक सुविधाएं मिलेंगी. सीएम ने इस दौरान मोबाइल रजिस्ट्रेशन यूनिट गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर भी रवाना किया. इस मौके पर उन्होंने एक बड़ा एलान किया कि अब 80 साल या उससे अधिक उम्र के बुजुर्ग नागरिकों को रजिस्ट्री के लिए दफ्तर नहीं आना होगा, उन्हें घर बैठे यह सुविधा मिलेगी. 75 साल से अधिक के नागरिकों और बिहार से बाहर रहने वाले लोगों के लिए भी ऑनलाइन प्रक्रिया को बेहद आसान बनाने के निर्देश दिए गए हैं. इससे जमीन की खरीद-बिक्री में पारदर्शिता आएगी और धोखाधड़ी रुकेगी.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मुजफ्फरपुर आगमन को लेकर प्रशासनिक और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए मुजफ्फरपुर के DM और SSP ने फकुली चेक पोस्ट का निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने चेक पोस्ट पर सुरक्षा के इंतजामों को देखा, गाड़ियों की सघन चेकिंग का जायजा लिया और संदिग्ध लोगों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए. ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों को साफ हिदायत दी गई है कि वे आने-जाने वाले हर एक वाहन और व्यक्ति की सतर्कता से जांच करें.

इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद से पटना के नौबतपुर तक सड़क होगी फोरलेन, इन जगहों पर बनेंगे बाइपास, ट्रैफिक होगा कम


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Paritosh Shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >