नीतीश कुमार का नवादा दौरा, ड्रीम प्रोजेक्ट गंगाजल उद्वह योजना का किया निरीक्षण

CM Nitish Kumar: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को नवादा पहुंचे और अपनी महत्वाकांक्षी गंगाजल उद्वह योजना के कार्यों का निरीक्षण किया. इस दौरे ने साफ संकेत दिया कि सरकार अब दक्षिण बिहार के जल संकट को राजनीतिक प्राथमिकता बना चुकी है.

CM Nitish Kumar: शनिवार की सुबह जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नवादा के मोतनाजे डैम पहुंचे. अपने ड्रीम प्रोजेक्ट ‘गंगाजल उद्वह योजना’ का बारीकी से निरीक्षण करते हुए सीएम ने साफ कर दिया कि अब नवादा के हर घर में गंगा मइया खुद पहुंचेंगी.

मोतनाजे डैम पर चल रहे कार्यों का जायजा लेते हुए उन्होंने न केवल काम की गुणवत्ता परखी, बल्कि अधिकारियों को समय सीमा के भीतर काम पूरा करने की कड़ी हिदायत भी दी. मुख्यमंत्री के साथ स्थानीय सांसद, मंत्री और जिले के आला अधिकारी मौजूद रहे, जिनसे उन्होंने जिले के अन्य विकास कार्यों की फीडबैक रिपोर्ट भी ली.

नवादा से राजगीर तक-निरीक्षण में दिखी सख्ती

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को एक नए तेवर में नजर आए. ‘सात निश्चय योजना’ के तीसरे चरण की समीक्षा के लिए वे नवादा के मोतनाजे डैम पहुंचे. मुख्यमंत्री की इस यात्रा का मुख्य केंद्र उनकी सबसे महत्वाकांक्षी ‘हर घर गंगाजल’ परियोजना थी.

राजगीर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने वेणुवन परिसर में साउंड एंड लाइट सिस्टम की आधारशिला भी रखी. यह कदम पर्यटन, संस्कृति और बुनियादी विकास को साथ लेकर चलने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है. सरकार इस क्षेत्र को धार्मिक-पर्यटन हब के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार काम कर रही है.

राजगीर से नवादा तक विकास की लहर

नवादा से पहले मुख्यमंत्री का काफिला नालंदा के ऐतिहासिक शहर राजगीर पहुंचा था. वहां गिरियक स्थित घोड़ा कटोरा जलाशय का निरीक्षण कर उन्होंने अफसरों को सख्त लहजे में प्रगति रिपोर्ट पेश करने का आदेश दिया.

इसी कड़ी में उन्होंने राजगीर के वेणुवन में अत्याधुनिक ‘साउंड एंड लाइट सिस्टम’ की आधारशिला भी रखी, जो पर्यटन की दृष्टि से बिहार के लिए एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगा.

क्या है गंगाजल उद्वह योजना

गंगाजल उद्वह योजना कोई साधारण पाइपलाइन नहीं, बल्कि दक्षिण बिहार की प्यास बुझाने वाला एक विशाल कॉरिडोर है. इस योजना के तहत पटना के मोकामा (हथिदह) से गंगा का पानी पंप करके पाइपलाइन के जरिए 151 किलोमीटर दूर गया, बोधगया, राजगीर और नवादा तक पहुंचाया जा रहा है.

नवादा के जिलाधिकारी रवि प्रकाश और एसपी अभिनव धीमान ने मुख्यमंत्री को तीसरे चरण के तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी. इस प्रोजेक्ट के पूर्ण होते ही नवादा शहर के हर नल से शुद्ध गंगाजल की आपूर्ति शुरू हो जाएगी, जिससे भूजल संकट से जूझ रहे इन शहरों को बड़ी राहत मिलेगी.

दक्षिण बिहार के लिए ‘वरदान’ साबित होगा यह प्रोजेक्ट

नवादा, गया और राजगीर जैसे शहर दशकों से जल संकट की मार झेल रहे थे. ‘हर घर गंगाजल’ योजना के जरिए नीतीश सरकार ने एक ऐसी चुनौती को स्वीकार किया जिसे नामुमकिन माना जाता था.

मोतनाजे डैम में पानी का भंडारण और फिर वहां से शोधन के बाद घरों तक सप्लाई, यह तकनीकी रूप से देश की अनूठी परियोजनाओं में से एक है. मुख्यमंत्री ने नवादा के पार्टी कार्यकर्ताओं और जिलाध्यक्षों से भी मुलाकात की और विकास कार्यों का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाने का निर्देश दिया.

Also Read: पीयू छात्रसंघ चुनाव: प्रचार के दौरान महिला कॉलेजों में भीड़ लगाना पड़ेगा भारी, गाइडलाइन्स हो गए जारी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >