पटना से आनंद सिंह कौशिक की रिपोर्ट
Fraud Involving Holding a Soldier Hostage : राजधानी पटना में लड़की से मिलने के बहाने पीरबहोर बुलाकर सीआईएसएफ के जवान को दो दिनों तक बंधक बनाने और उसके बैंक खातों से करीब तीन लाख रुपये निकालने का मामला सामने आया है. पीरबहोर पुलिस ने मामले में पटना विश्वविद्यालय के दो छात्रों विकास कुमार उर्फ शुभंकर और हर्ष कुमार उर्फ धीरज कुमार को गिरफ्तार किया है. आरोपितों के पास से 50 हजार रुपये नकद, जवान के दो एटीएम कार्ड और मोबाइल फोन बरामद किया गया है. पुलिस ने बैंक खाते में मौजूद 1.88 लाख रुपये को भी होल्ड करा दिया है.
लड़की से बातचीत के बाद मिलने पहुंचा था जवान
मूल रूप से दरभंगा के हायाघाट थाना क्षेत्र निवासी नाबिज कुमार सीआईएसएफ जवान हैं और वर्तमान में पूर्वी क्षेत्र मुख्यालय, पटना में तैनात हैं. पुलिस के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से मोबाइल पर उनकी एक लड़की से बातचीत हो रही थी. 15 अगस्त को लड़की ने मिलने के बहाने उन्हें पीरबहोर इलाके में बुलाया.
जवान के वहां पहुंचने के बाद दो युवकों ने कथित तौर पर उन्हें जबरन अपने कब्जे में ले लिया और मिंटो छात्रावास के एक खाली कमरे में ले गये.
मिंटो छात्रावास के कमरे में रखा, मारपीट भी की
आरोप है कि छात्रावास के कमरे में जवान के साथ मारपीट की गयी और उसका मोबाइल फोन व दो एटीएम कार्ड छीन लिये गये. इसके बाद उसे डरा-धमकाकर उसके बैंक खातों से दो दिनों के भीतर करीब तीन लाख रुपये निकाल लिये गये. जवान को कमरे में बंद रखा गया था और दोनों आरोपी लगातार उसकी निगरानी कर रहे थे.
पानी पीने गये आरोपी, मौका पाकर भागा जवान
17 अगस्त को दोनों आरोपी कमरे का दरवाजा खुला छोड़कर पानी पीने के लिए बाहर चले गये. इसी दौरान जवान को मौका मिल गया और वह छात्रावास से निकलकर सीधे पीरबहोर थाने पहुंच गया. वहां उसने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी.
एक आरोपी लखीसराय तो दूसरा छपरा का
टाउन डीएसपी-1 राजेश रंजन ने बताया कि सूचना मिलते ही पीरबहोर थानाध्यक्ष राज कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की गयी. पुलिस से बचने के लिए दोनों फरार चल रहे थे. रविवार रात पुलिस ने दोनों को इलाके से गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने आरोपितों के पास से 50 हजार रुपये, जवान के दो एटीएम कार्ड और मोबाइल बरामद किया है. बैंक खाते में मौजूद 1.88 लाख रुपये को भी होल्ड करा दिया गया है.
दोनों आरोपी पटना यूनिवर्सिटी के छात्र
पुलिस के अनुसार, लखीसराय के सिलवे निवासी विकास कुमार पटना कॉलेज के मनोविज्ञान विभाग में सत्र 2022-25 का छात्र है. वहीं छपरा के विशुनपुरा निवासी हर्ष कुमार दरभंगा हाउस के स्नातकोत्तर इतिहास विभाग में सत्र 2025-27 का छात्र है. दोनों हथुआ हॉस्टल में रहते हैं.
पुलिस के मुताबिक विकास कुमार का पहले भी आपराधिक इतिहास रहा है. पुलिस दोनों की अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्तता और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
