हर वार्ड में होगा मतदान केंद्र
बेतिया : पंचायत चुनाव में इस बार पंचायत के हर वार्ड में मतदान केंद्र होगा. वही 700 सौ मतदाता पर एक मतदान केंद्र भी बनाये जायेंगे. जबकि 701 से 1000 मतदाताओं की संख्या होने पर एक सहायक मतदान (चलंत मतदान) केंद्र का भी निर्माण होगा. किसी पंचायत में 1000 से अधिक मतदाता होने की स्थिति में दूसरा सहायक मतदान केन्द्र गठित होगा.
उक्त बातें डीडीसी सह पंचायत निर्वाचन पदाधिकारी राजेश मीणा ने कहीं. उन्होंने बताया कि सहायक मतदान केंद्र के लिए राज्य निर्वाचन आयोग से अनुमोदन लेना होगा. वे मंगलवार को कलेक्ट्रेट के विकास भवन में पंचायती राज पदाधिकारी व प्रखंड विकास पदाधिकारियों के साथ बैठक रहे थे.
उन्होंने बताया कि जिले में 315 पंचायत है जिसमें पंचायत चुनाव होना है. निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिला के 315 ग्राम पंचायतों में मतदाता सूची का विखंडीकरण, मतदान केन्द्रों का गठन एवं आरक्षण रोस्टर की तैयारी का काम किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव अत्यंत महत्वपूर्ण चुनाव है. इस कार्य में हर एक स्तर पर अत्यंत सावधानी बरतने की जरूरत है.
बीडीओ बने पंचायत चुनाव के निर्वाची पदाधिकारी
डीडीसी राजेश मीणा ने बताया कि सभी प्रखंड के बीडीओ को निर्वाची पदाधिकारी बनाया गया है. पंचायत चुनाव की संपूर्ण जवाबदेही प्रखंड विकास पदाधिकारियों की होगी.डीडीसी ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायत चुनाव के दिशा निर्देश पत्र केमाध्यम से जारी कर दिया गया है.
जिला पंचायत राज पदाधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि पंचायत चुनाव के निर्देश के संबंध में सभी बीडीओ को पत्र उपलब्ध करा दिया गया है. इस चुनाव में आरक्षण रोस्टर की तैयारी सबसे महत्वपूर्ण मामला है. इस पंचायत चुनाव में आरक्षण रोस्टर बनाने हेतु चक्र आधारित प्रक्रिया अपनाई जायेगी. जिस पंचायत में जो पद किसी कोटि के लिए आरक्षित था इस बार उस पद के लिए आरक्षित नहीं होगा. बैठक में डीआरडीए निदेशक, मास्टर ट्रेनर सहित सभी बीडीओ मौजूद थे.
