बेतिया : अमृतसर से दरभंगा जाने वाली जननायक एक्सप्रेस में डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले लुटेरे नरकटियागंज जंकशन पर ही चढ़े थे. नरकटियागंज से बेतिया तक लुटेरों की कोई हरकत नहीं हुई. लेकिन जैसे ही बेतिया स्टेशन से ट्रेन ने रफ्तार बढ़ायी. यात्री के वेश में चढ़े लुटेरे अपने असली रुप में आ गये. मजदूरी कर कमा कर लौटने वाले यात्रियों पर हमला बोल दिया. पहले पैसा लेने के लिए लोगों को हथियार के बल पर डराया.
जब कुछ यात्रियों ने देने से आनाकानी तो उन पर डंडे भी बरसाये. जान का भय देख करीब आधे दर्जन यात्रियों ने अपनी गाढ़ी कमाई इन अपराधियों के हवाले कर दिया. महज 7-8 मिनट के अंदर ही लूटेरों ने घटना को अंजाम तक पहुंचा दिया और चेन पुलिंग कर मझौलिया स्टेशन से पहले ही उतर गये. इसका खुलासा तब हुआ जब जननायक ट्रेन मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंची. जख्मी व पीडि़त यात्रियों ने इस घटना की शिकायत मुजफ्फरपुर जीआरपी से की. बेतिया जीआरपी के थानाध्यक्ष सुनील प्रकाश ने बताया कि नरकटियागंज स्टेशन पर ही लुटेरे इस ट्रेन में चढ़े थे और बेतिया के बाद लूट पाट कर उतर गये.
