बेतिया : महज चौका-चूल्हा नहीं, महिलाएं अब गांव की सियासत भी संभालेंगी. वह भी एक-दो नहीं, बल्कि जिले के पूरे 157 ग्राम पंचायतों की. नतीजा इनका रूतबा होगा. पहचान होगी. मान-सम्मान बढ़ेगा. फैसले लेने का अधिकार मिलेगा. गांव के विकास में भागीदारी होगी.
कारण कि पंचायत चुनाव में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण में कोई बदलाव नहीं होगा. यह बरकरार रहेगा. नतीजा जिले के 315 गांवों में से 157 सीटों पर महिला प्रत्याशी मुखिया व सरपंच की हकदार होगी. हालांकि इस बार सीटों पर आरक्षण का स्वरूप बदल जायेगा.
संभावना है कि जो सीट अनारक्षित वर्ग की महिलाओं के लिए हैं, वह इस बार अनुसूचित जाति, अत्यंत पिछड़ा या अन्य अनारक्षित के लिए हो सकता है. अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीट अब अत्यंत पिछड़ा, सामान्य महिला या अन्य के हिस्से में जा सकता है. संभावना यह भी बन रही कि जो क्षेत्र अनारक्षित अन्य के लिए है, वह अनुसूचित, अत्यंत पिछड़ा, सामान्य वर्ग की महिला व सामान्य अन्य के खाते में जा सकती है.
तो मुखिया नहीं,पंसस पर आजमाएंगे दावं
मुखिया बनने को बेताब लोग आरक्षण के फार्मूले को लेकर संशय में है. हालांकि गांव में चुनाव प्रचार की तैयारी शुरू हो गयी है. उनका कहना है कि आरक्षण के हिसाब से मुखिया के प्रत्याशी नहीं बन पायेंगे तो पंचायत समिति सदस्य पर दांव आजमाएंगे.
जून में चुनाव की संभावना, माथापच्ची
आने वाले मई-जून माह में पंचायत चुनाव की संभावना है. इसके लिए चुनाव आयोग की तैयारी जोरों पर है. जिले से 29 जनवरी तक आरक्षण का फार्मूला तैयार कर अनुमोदन के लिए प्रस्ताव मांगा गया है. जिला निर्वाचन विभाग इसके लिए शिविर लगाने की तैयारी में है. वहीं गांवों में पंचायत चुनाव को लेकर माथापच्ची शुरू हो गयी है. कौन सीट किसके हिस्से में जायेगा. इसकी चरचा हो रही है.
ये हैं महत्वपूर्ण तिथियां
28 दिसंबर से 11 जनवरी तक मतदाता सूची प्रारूप का प्रकाशन
18 जनवरी तक आपत्तियों का निस्तारण
25 जनवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन
29 जनवरी तक आरक्षण फार्मूला तैयार
À 31 जनवरी मतदाता सूची का मुद्रण
इन पदों पर घमसान
जिला परिषद सदस्य 42
पंचायत समिति सदस्य 418
मुखिया 315
सरपंच 315
वार्ड सदस्य 4197
पंच 4197
तैयारी शुरू
बरकरार रहेगा 50 फीसदी आरक्षण, महज बदलेगा रोस्टर
29 जनवरी तक बन जायेगा आरक्षण का फार्मूला, आयोग का निर्देश
गांवों में पंचायत चुनाव को लेकर अभी से तैयारी, माथापच्ची
पूरे 157 ग्राम पंचायतों के लिये होने हैं पंचायत के चुनाव
