मोतिहारी : नगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर छापेमारी कर रघुनाथपुर से 935 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद किया है. बरामद शराब हरियाणा निर्मित है. मामले में दो कारोबारियों को भी गिरफ्तार किया है. साथ ही नौ लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है. मुख्य कारोबारी राहुल सिंह भागने में सफल रहा. पुष्टि नगर इंस्पेक्टर आनंद कुमार ने की. पुलिस को सूचना मिली कि बली साह एवं रघु डिलेवरी के लिए शराब लेकर आ रहा है. पुलिस ने घेराबंदी कर उक्त कारोबारी को धर दबोचा.
गिरफ्तार के पास से एक अपाची बाइक नंबर बीआर05पी/6213 तथा दो मोबाइल, तीन एटीएम, एक डेबिट कार्ड तथा 10 हजार रुपया नकद बरामद किया है. गिरफ्तार के निशानदेही पर रघुनाथपुर ओपी के चमड़ा गोदाम के पास छापेमारी की गयी, जहां 935 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद किया गया. मामले में नौ अन्य लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है. गिरफ्तार कारोबारियों में रघु कुमार गौनाहा जिला पश्चिमी चंपारण तथा बली साह रघुनाथपुर का रहनेवाला बताया जाता है. इधर नगर इंस्पेक्टर आनंद कुमार ने बताया कि कृष्णा कुमार, दीपक कुमार तथा राहुल सिंह सहित अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराया गया है. इस छापेमारी में इंस्पेक्टर के अलावे दारोगा संजीव कुमार, रघुनाथपुर ओपी प्रभारी विरेंद्र सिंह, जमादार सिंह, राजीव हसन, आरपी सिंह एवं जमादार हुसैन सहित अन्य पुलिस बल शामिल थे.
