श्रीकृष्ण नगर में टेक्नीशियन के घर का ताला तोड़ पांच लाख की चोरी
इंडोर स्टेडियम का दरवाजा तोड़
ले गये स्टेबलाइजर
मोतिहारी : शहर में पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था को चैलेंज करते हुए चोरों ने दो जगहों से लाखों की संपत्ति चुरा ली. दोनों जगह चोरों ने ताला तोड़ चोरी की वारदात को अंजाम दिया.शहर के श्रीकृष्ण नगर मोहल्ला में मोतिहारी इंजीनियरिंग कॉलेज के टेक्नीसियन हरिशंकर सिंह के घर का ताला तोड़ चोरों ने नकद, आभूषण सहित करीब पांच लाख की संपत्ति चुरा ली. वहीं रेडक्रॉस परिसर स्थित इन्डोर स्टेडियम का ताला तोड़ स्टेबलाइजर चुरा लिया. घटना को लेकर नगर थाना में आवेदन दिया गया है. हरिशंकर सिंह ने पुलिस को बताया है कि 19 अप्रैल को पत्नी का देहांत हो गया.
उसमें घर में ताला बंद कर सपरिवार गांव कोटवा कृतपुर मठिया चले गये. इस दौरान चोरों ने मौका पाकर घर का ताला तोड़ डाला. गोदरेज में रखा करीब तीन लाख का आभूषण, एक लाख कैश व करीब एक लाख से अधिक का कीमती समान चुरा लिया. 22 अप्रैल की शाम परिवार के लोग घर पहुंचे. ताला टुटा हुआ देख नगर पुलिस को सूचना दी गयी.
पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंच छानबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. वहीं दुसरी तरफ रेडक्रॉस परिसर स्थित इन्डोर स्टेडियम में रहने वाले चिरैया करसहिया के अजीत कुमार ने थाना में आवेदन देकर बताया है कि गांव चला गया था. वापस लौटा तो देखा कि ताला टुटा हुआ था. स्टेडियम का स्टेबलाइजर गायब था. नगर इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है.
