रक्सौल, समस्तीपुर : समस्तीपुर समेत मंडल के रक्सौल स्टेशन को एकीकृत सुरक्षा प्रणाली (आइएसएस) से लैश किया जायेगा. इसके तहत इन दोनों स्टेशनों पर मेटल डिटेक्टर, बैग स्केनर, डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर व बम डिटेक्शन उपकरण लगाये जायेंगे. मंडल में बढ़ती नक्सली व आइएसआइएस की गतिविधि को देखते हुए रेलवे मंत्रालय ने यह निर्णय लिया […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
रक्सौल, समस्तीपुर : समस्तीपुर समेत मंडल के रक्सौल स्टेशन को एकीकृत सुरक्षा प्रणाली (आइएसएस) से लैश किया जायेगा. इसके तहत इन दोनों स्टेशनों पर मेटल डिटेक्टर, बैग स्केनर, डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर व बम डिटेक्शन उपकरण लगाये जायेंगे. मंडल में बढ़ती नक्सली व आइएसआइएस की गतिविधि को देखते हुए रेलवे मंत्रालय ने यह निर्णय लिया है. इसके अलावा मंडल के अन्य तेरह स्टेशनों को भी निर्भया फंड के तहत सुरक्षा उपकरण लगाये जाने की योजना को रेलवे मंत्रालय ने हरी झंडी प्रदान कर दी है.
रेलवे मंत्रालय की हरी झंडी मिलते ही आरपीएफ व संकेत व दूरसंचार विभाग ने इसके लिए कार्रवाई शुरू कर दी है. इस योजना पर करोड़ों रुपये खर्च होने का अनुमान है. प्रथम चरण में मंडल में समस्तीपुर व रक्सौल स्टेशन पर आइएसएस के तहत सुरक्षा उपकरण लगाये जायेंगे. स्टेशनों पर उक्त सुरक्षा उपकरणों के लगने से ट्रेनों बस विस्फोट जैसे घटनाओं को रोकने में कामयाबी मिलेगी.
बता दें कि मंडल का कई इलाका नक्सल प्रभावित है. जहां आये दिन नक्सली कुछ न कुछ अप्रिय घटना को अंजाम देते रहते हैं. हाल के दिनों में समस्तीपुर-खगड़िया रेलखंड के जितवारपुर गांव के पास व समस्तीपुर-दरभंगा रेलखंड के हायाघाट स्टेशन के पास पुल नंबर 15 पर अपराधियों ने रेलवे ट्रैक का बोल्ट खोल दिया था. इससे ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त होने से बची थी.
समस्तीपुर व रक्सौल स्टेशन पर आइएसएस सुरक्षा प्रणाली : आरपीएफ के सहायक मंडल सुरक्षा आयुक्त अजय कुमार ने बताया कि मंडल के समस्तीपुर और रक्सौल स्टेशन पर एकीकृत सुरक्षा प्रणाली (आइएसएस) के तहत सुरक्षा उपकरण लगाने की प्रक्रिया शुरू की गयी है. इसके लिए बहुत जल्द संकेत व दूरसंचार विभाग निविदा निकालेगी. दोनों स्टेशनों पर बड़ी संख्या में सीसीटीवी कैमरा के अलावा बैग स्केनर, डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर, बम डिटेक्टर उपकरण लगाया जायेगा. बैग स्केनर के लग जाने से यात्रियों को अपनी-अपनी बैग स्केनर के रास्ते गुजारने के बाद उठानी होगी. वहीं यात्री को डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर से गुजर कर ही प्लेटफाॅर्म पर जाना होगा.
निर्भया फंड से तेरह स्टेशनों पर लगेगी सुरक्षा उपकरण: रेलवे सूत्रों ने बताया कि समस्तीपुर व रक्सौल के अलावा मंडल के बापूधाम मोतिहारी, सुगौली, बेतिया, नरकटियागंज, सहरसा, मधुबनी, हसनपुर रोड, सकरी, चकिया, दरभंगा, जयनगर, सीतामढ़ी व बगहा स्टेशन पर निर्भया फंड के तहत सीसीटीवी कैमरा के अलावा मेटल डिटेक्टर से लैश किया जायेगा. उपरोक्त स्टेशन पर सुरक्षा उपकरण लगने नक्सली व अपराधिक घटनाओं को रोकने में आरपीएफ व जीआरपी को मदद मिलेगी.
नक्सली व आइएसआइएस के बढ़ते खतरे को ले मंत्रालय ने लिया निर्णय
एकीकृत सुरक्षा प्रणाली के तहत लगाये जायेंगे सुरक्षा उपकरण