मोतिहारी : शहर में बाइक सवार बदमाश बेखौफ झपटमारी की घटना को अंजाम दे रहे हैं. जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक कार्यालय के ठीक सामने बाइक सवार बदमाशों ने पूर्व मुखिया शशिभूषण की बाइक की हैंडिल से दो लाख कैश से भरा बैग झपट लिया. घटना को अंजाम देकर दोनों बदमाश डीएम आवास की तरफ भाग निकले. शहर के सबसे सुरक्षित जोन में झपटमारी की घटना को अंजाम देकर बदमाशों ने पुलिस के सारे दावे की पोल खोल कर रख दी है.
झपटमारी के शिकार शशिभूषण बंजरिया बाबूटोला के रहनेवाले हैं. घटना को लेकर उन्होंने नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. उन्होंने पुलिस को बताया है कि बुधवार को 12:30 बजे चांदमारी चौक स्थित कारपोरेशन बैंक से दो लाख कैश निकाल बाइक से मजूराहा जा रहे थे. पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने पहुंचे तो बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक किया. उनकी हरकत देख दुर्घटना होने के डर से उन्होंने अपनी बाइक रोक दी. बाइक रोकते ही बदमाशों ने हैंडिल से बैग झपट डीएम आवास की तरफ तेज रफ्तार से फरार हो गये. बैग में कैश के अलावे डायरी पासबुक व अन्य कागजात भी था. नगर इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है.
