मोतिहारी : ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट ढावा से आइआरसीटीसी के माध्यम से टिकट बुक कराने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है. गांव में इंटरनेट नहीं आ रहा तो कोई बात नहीं अब आप एसएमएस के जरिये भी आरक्षित टिकट बुक
करा सकेंगे.
इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन की इस योजना से सुदूर इलाके में रहने वाले ऐसे लोगों को लाभ मिलेगा, जहां इंटरनेट टावर कमजोर मिलता है. अथवा नेट काम नहीं कर रहा होता है. इस तकनीक को मेनू बेस्ट नाम दिया गया है.
इस तकनीक का लाभ सभी कंपनियों के मोबाइल धारकों को मिलेगा. हालांकि, इस सुविधा का लाभ लेने के लिए लोगों को पहले अपने मोबाइल का आइआरसीटीसी में निबंधन कराना होगा. आम लोगों को एसएमएस के जरिये टिकट बुक होने से आरक्षण काउंटर पर लगने वाली भीड़ भी कम हो जायेगी.
टिकट के लिए पहले कराना होगा मोबाइल का निबंधन : आइआरसीटीसी के सूत्रों ने बताया कि एसएमएस के जरिये रिजर्वेशन टिकट बुक कराने के लिए लोगों को पहले मोबाइल का निबंधन कराना होगा. निबंधन के दौरान मोबाइल धारक को अलग से एक आइडी नंबर दिया जायेगा. यह आवश्यक है कि रजिस्ट्रेशन के दौरान ही आपको अपने बैंक खाते से भी इसे जाेड़ना होगा, ताकि टिकट के लिए भुगतान करने में मोबाइल धारक को परेशानी न हो.
ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को मिलेगी सुविधा
आइआरसीटीसी की अनूठी पहल
इंटरनेट नहीं रहने पर भी लोग बुक करा सकेंगे रिजर्वेशन टिकट
इसके लिए मोबाइल का कराना होगा आइआरसीटीसी में निबंधन
मोबाइल धारक ऐसे बुक करा सकेंगे टिकट : मोबाइल नंबर का निबंधन के बाद मोबाइल धारक को बैंक की ओर से एमएमआइडी अर्थात मोबाइल मनी आइडेंटीफायर कोड व वन टाइम पासवर्ड अर्थात ओटीपी मिलेगा. इसके बाद 139 नंबर पर निम्न फार्मेट पर संदेश भेजना होगा. इसमें ट्रेन नंबर, किस स्टेशन से किस स्टेशन तक यात्रा करनी है, यात्रा की तिथि, श्रेणी, यात्री का नाम, उम्र एवं मेल व फीमेल स्टेटस लिखकर एसएमएस करना होगा. सूत्रों ने बताया कि ट्रांजेक्शन आइडी प्राप्त होने के बाद इसे बताये फाॅर्मेट पर भुगतान करना होगा.
