मोतिहारी : नप अनुबंधित कर्मियों ने मांगों के समर्थन में आंदोलन को तेज करने का निर्णय लिया है. गुरुवार की संध्या सभी कर्मी शहर की सड़क पर अपने आंदोलन के समर्थन में मशाल जुलूस निकाल प्रदर्शन करेंगे.
बुधवार को नप कार्यालय पर धरना सभा के दौरान कर्मियों ने सर्व सम्मति से यह निर्णय लिया. सभा की अध्यक्षता संघर्ष संचालन समिति के अध्यक्ष जितेंद्र नाथ शर्मा ने किया. सभा को संबोधित करते विशुनदेव यादव व ऐक्टू के संयोजक भूपेंद्र कुमार लाल ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर नप कर्मी हड़ताल पर लगातार बने हुए हैं. लेकिन नप एवं जिला प्रशासन द्वारा कर्मियों की हड़ताल समाप्त करने
की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है.
हड़ताल को आगे बढ़ाने में प्रशासन की अहम भूमिका है. वक्ताओं ने शहरवासियों की सुविधा का ख्याल रखते हुए प्रशासन से कर्मियों के साथ वार्ता कर मांगों पर विचार करते हुए अविलंब हड़ताल समाप्त कराने की पहल करने की मांग की है. मौके पर समिति के संयोजक भरत राम,रामा राम, वीरेंद्र मली उपस्थित थे.
