कार्यालय के मुख्य द्वार पर बैठ किया प्रदर्शन
कार्यालय में कर्मियों के साथ मारपीट करने व कागजात फाड़ने का आरोप
मोतिहारी : भवन निर्माण विभाग के एक दर्जन कर्मचारियों ने शुक्रवार को कार्यालय के समक्ष मुख्य द्वार पर बैठ कर धरना-प्रदर्शन किया तथा प्रशासन से जान-माल की सुरक्षा एवं न्याय की गुहार लगायी. कर्मचारियों ने इसकी प्रतिलिपि डीएम एवं अधीक्षण अभियंता को सौंप कर उचित कार्रवाई की मांग की. कर्मचारियों द्वारा दिये गये आवेदन में कहा गया है कि गुरुवार की शाम तीन बजे मोहम्मद तुफैल अहमद खां एवं 15 व्यक्ति आकर गाली-गलौज करने लगे. कार्यपालक अभियंता मुख्यालय से बाहर निकल गये. बाद में ये सभी लोग कार्यालय में घुस कर्मियों के साथ मारपीट करते हुए आवश्यक कागजात को फाड़ कर फेंक दिया.
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने कहा कि जब तक सरकार द्वारा हमलोगों को सुरक्षा नहीं मिलेगी, हमलोग धरना-प्रदर्शन करते रहेंगे. प्रदर्शनकारियों में सूरज कुमार, आलोक कुमार, संजय कुमार जायसवाल, पवन कुमार, महबूब आलम, अजय कुमार, मोहन चौधरी, शिवशंकर प्रसाद यादव, सुबोध कुमार, रामबहादुर मुखिया आदि शामिल थे.
