लापरवाही.घटना से सबक नहीं ले रहे लोग
ट्रिपल लोडिंग को ट्रैफिक पुलिस करती है नजरअंदाज
पार्किंग व ट्रैफिक नियम का
नहीं होता है पालन
शहर के आरओबी पर नहीं लगा
है ट्रैफिक लोगो
40 प्रतिशत टेंपो चालकों को लाइसेंस नहीं
मोतिहारी : मुजफ्फरपुर के विभिन्न क्षेत्रों में तेज रफ्तार में हुई मौत के बाद भी वाहन चालक व ट्रैफिक पुलिस सबक नहीं ले पा रही है. शनिवार को भी शहर सहित जिले के विभिन्न हिस्सों में लोग लापरवाही से वाहन चलाते देखे गये. लगातार हो रही सड़क दुर्घटना के बावजूद टेंपो चालकों को आगे की सीट पर चार लोगों को बैठाते देखा गया. इतना ही नहीं नौसिखुआ चालक वाहन(टेंपो) चलाते हैं. ऐसे लोगों के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होता. आंकड़ों पर गौर करें तो शहर व आस-पास के क्षेत्रों में करीब 500 टेंपों का संचालन होता है. इसमें 200 के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है. आगे की सीट पर बगैर तीन से चार लोगों को बैठाये निर्धारित स्थान से टेंपों खुलती नहीं है.
यह नजारा स्टेशन चौक, गांधी चौक, छतौनी चौक पर कभी भी देखा जा सकता है. जहां ट्रैफिक पुलिस के सामने इस तरह का खेल होता है. शहर के गांधी चौक से स्टेट बैंक रोड, प्रधान पथ में ट्रैफिक पुलिस सुबह से शाम तक रहती है, जो ट्रैफिक उल्लंघन करनेवालों के खिलाफ कार्रवाई के बजाय, जाम न हो इस पर ज्यादा ध्यान देती है, जबकि गांधी चौक के आस-पास टेंपों की नियम विरुद्ध पार्किंग होती है.
शहर में निर्धारित है पार्किंग स्थल: शहर के गांधी चौक स्थित सुलभ शौचालय, रेडक्राॅस, नगर थाना चौक, स्टेशन गेट से अलग, कचहरी पथ में एसडीओ आवास चौक आदि के पास पार्किंग निर्धारित है लेकिन इसका अनुपालन नहीं होता है.
….अब डर काहे का : अगर आम आदमी नियम उल्लंघन करें तो कार्रवाई. जब पुलिस वाले करें तो अपना अधिकार. आम लोगों की कौन करें कानून के रक्षक पुलिस वाले भी ट्रिपल सवारी करते मिल जायेंगे.
चर्चित स्थल, यहां बरतें सावधानी
मोतिहारी-अरेराज पथ में मटियरिया मोड़
तुरकौलिया बोरिंग चौक मोड़
केसरिया-साहेबगंज का लाला छपरा मोड़
संग्रामपुर-अरेराज स्थित जिलेबिया पथ
कोटवा-मोतिहारी पथ के नवगौल चौक
कोटवा-बझिया पथ के एनएच दिपउ मोड़
ढाका-मोतिहारी पथ का मिश्रौलिया मोड़
पीपराकोठी ओवरब्रिज सह चौक
एनएच-28 के वाटगंज व्यस्त पथ
नोट : इन सड़कों पर अक्सर लोग रफ्तार के शिकार होते हैं.
