लोगों ने बैंक के बाहर किया प्रदर्शन
खेती-किसानी व व्यवसाय प्रभावित
मधुबन : एसबीआइ की शाखा से कई दिनों से रुपये नहीं मिल रहा है. इससे नाराज सैकड़ों महिला-पुरुष ग्राहकों ने मंगलवार को मलंग चौक पर पहुंच प्रदर्शन किया व सड़क जाम कर विरोध जताया. इससे कुछ देर के लिये यातायात भी प्रभावित हुआ. इसके बाद आक्रोशित लोगों ने बैंक के बाहर भी प्रदर्शन किया. उग्र लोगों ने बैंक कर्मियों को खरी-खोटी भी सुनायी. प्रदर्शन कर रही कुंतिया देवी, राजमति देवी, तमन्ना खातून, राजवत्ती देवी, शंकर साह, शबाना बेगम, सुनैना देवी आदि ने बताया कि एक सप्ताह से बैंक का चक्कर लगा रहे हैं, बावजूद रुपया नहीं मिल रहा है. कभी रुपये का अभाव, कभी लिंक फेल होने की जानकारी देकर लौटाया जा रहा है. जिन ग्राहकों के घर में शादी है या बीमारी, उन्हें भी पूरे दिन इंतजार करा कर लौटा दिया जा रहा है.
बैंक के इस रवैये से आम आदमी परेशान है. स्थानीय व्यवसायी उमेश चंद्र श्रीकांता ने बताया कि बैंक की उदासीनता के कारण व्यवसाय पर भी असर पड़ा है. इधर सूचना पर विधायक राणा रणधीर, सीओ सुनील कुुमार और थानाध्यक्ष धनंजय चौधरी ने पहुंचकर ग्राहकों और बैंक मैनेजर से बात कर स्थिति सामान्य करवाया. विधायक ने शाखा प्रबंधक से कहा कि जरूरतमंदों को हर हाल में भुगतान की व्यवस्था हो. इससे अव्यवस्था की स्थिति नहीं बने. इधर शाखा प्रबंधक विश्वनाथ राम ने बताया कि कुछ दिनों से पर्याप्त मात्रा में कैश नहीं मिल पा रहा है. इससे रुपये की कमी हो जा रही है. इसके अलावा हमेशा लिंक फेल रहता है. एयरटेल का सिस्टम लगाने के लिये विभाग को प्रस्ताव दिया गया है. टावर लग जाने के बाद समस्या में सुधार हो जायेगा.
