नप चुनाव. वार्डों के आरक्षण रोस्टर पर चुनाव आयोग की मुहर
जिला निर्वाची पदाधिकारी ने चुनाव आयोग को भेजी थी आरक्षण सूची
रक्सौल : नगर परिषद् का चुनाव आगामी मई महीना में होना है. इसको लेकर चुनाव आयोग ने नगर परिषद् के सभी 25 वार्डों की आरक्षण सूची जारी कर दी है. ज्ञात हो कि चुनाव आयोग के द्वारा जो सूची जारी की गई है उसे जिलाधिकारी ने अनुसंशित किया था. यानि अब सूची में किसी तरह का बदलाव नहीं किया जा सकता है. जारी सूची के मुताबिक एक वार्ड अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किया गया है तो पांच वार्ड पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित है. जिसमें दो वार्ड पिछड़े वर्ग के महिला के लिए आरक्षित है. 19 वार्ड सामान्य वर्ग के लिए है. जिसमें से 9 वार्ड सामान्य वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षित है.
अवर निर्वाची पदाधिकारी कपिल शर्मा ने बताया कि चुनाव आयोग द्वारा सभी 25 वार्डों की आरक्षण सूची जारी कर दी गयी है. इसमें अब किसी तरह का बदलाव नहीं किया जा सकता है. वहीं श्री शर्मा ने बताया कि नगर परिषद के वार्डों का विखंडन का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है. इसका प्रकाशन आगामी 25 जनवरी को हो जायेगा. प्रकाशन के बाद दवा आपति स्वीकार किए जायेंगे.
25 वार्डों में 55 हजार 5 सौ 36 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग : नप के 25 वार्डो में कुल 55536 मतदाता है. जिसमें अनुसूचित जन जाति के 56 अनुसूचित जाति के 3052 व अन्य 52428 मतदाता है. जो अपने पार्षद का चुनाव करेंगे.
आरक्षण सूची
अनुसूचित जाति के लिए एक वार्ड -वार्ड -7 आरक्षित
पिछड़ा वर्ग के अन्य के लिए आरक्षित वार्ड – नं. 1, 16, 25
पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित -वार्ड 4 और 24
सामान्य महिला वार्ड नं. -8, 11, 12, 13, 17, 18, 20, 21 और 22
सामान्य अन्य वार्ड नंबर -2, 3, 5, 6, 9, 10, 14, 15, 19, 23
मोतिहारी ़ नगरपरिषद व नगर पंचायत (नगरपालिका) चुनाव को ले आयोग ने तैयारी आरंभ कर दी है. इसको ले जारी दिशा-निर्देश के अनुसार मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 22 मार्च तक कर देना है. इसके पूर्व चुनाव व मतदाता सूची विखंडन प्रक्रिया को ले 18 जनवरी को इससे जुड़े अधिकारी व कर्मियों को प्रशिक्षित किया जायेगा. नाम त्रृटि सुधार, वार्ड में वोटर सूची यथा घर जिस वार्ड में है उसमें नाम न होकर दूसरे वार्ड में नाम होना, एक जनवरी 17 तक 18 वर्ष की आयु प्राप्त करनेवाले युवा वोटर भी नाम जोड़ने के लिए 14-28 फरवरी तक आवेदन प्रक्रिया के तहत दे सकते है, लेकिन नाम जोड़ने की स्वीकृति जांच के बाद आयोग अंतिम रूप से देगी. राज्य निर्वाचन आयोग ने 13 जनवरी को जारी पत्र में मतदाता सूची को ले विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किया है. कार्यक्रम के अनुसार 17 जनवरी को जिले को सॉफ्टवेयर मिलेगा, जिसमें मतदाता सूची को अपलोड किया जा सकता है. जिला पंचायती राज पदाधिकारी ने अधिकारियों को पत्र निर्गत कर दिया है.
नगरपालिका आम निर्वाचन 2017 घोषित कार्यक्रम
मतदाता सूची सॉफ्टवेयर प्रशिक्षण 18 जनवरी 2017
सॉफ्टवेयर से मतदाता सूची का विखंडीकरण- 23 जनवरी से तीन फरवरी 17 तक
मतदाता सूची डाटा बेस की जांच चार से छह फरवरी 17 तक
मतदाता सूची का पीडीएफ निर्माण आठ फरवरी 17
मतदाता सूची प्रारूप प्रति की छपाई 11 फरवरी 17
प्रारूप का प्रकाशन 14 फरवरी 17
मतदाता सूची दावा-आपति 14-28 फरवरी 17
दावा-आपति का निष्पादन 22 फरवरी से सात मार्च 17
मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 20 मार्च 2017
