सभी घायल एक ही परिवार के पहाड़पुर के हैं रहनेवाले
मोतिहारी : पहाड़पुर थाना अंतर्गत इब्राहिमपुर गांव के एक ही परिवार के आठ लोगों को धारदार हथियार से मार घायल कर दिया गया. घायलों में बैद्यनाथ चौरसिया, बसंती देवी, किरण देवी, अरविंद कुमार, विनिता देवी, रामनाथ चौरसिया, नंदू चौरसिया व शैल देवी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना को लेकर बसंती देवी ने पुलिस कैंप में आवेदन दिया है. उसने पुलिस को बताया है कि उसके चचेरा ससुर बैद्यनाथ चौरसिया शौच करने सरेह में गये थे. इस दौरान अपनी जमीन देखने चले गये. जमीन हरसिद्धि थाना के यादवपुर चैनपुर में है. वहां गये तो देखा कि परती जमीन को किसी ने जोता था. आसपास के ग्रामीणों से पूछने पर बताया कि यादवपुर के चैनपुर टोला निवासी सुदीश तिवारी ने ट्रैक्टर से खेत जोता है.
उन्होंने घर आकर जमीन पर सुदीश द्वारा कब्जा करने की शिकायत की. उसके बाद परिवार के सभी लोग जमीन पर पहंुचे तो सुदीश तिवारी, शुभनारायण तिवारी, लालू तिवारी, आलोक तिवारी, गोलू तिवारी सहित चार-पांच अज्ञात लोग धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया. जमीन पर दावेदारी करने पर जान मारने की धमकी दी. पुलिस कैंप प्रभारी भरत राय ने बताया कि आवेदन को कार्रवाई के लिए हरसिद्धि थाना भेजा जायेगा.
