चिरैया (पूचं) : सेवानिवृत्त शिक्षक के घर बुधवार की रात तीन दर्जन डकैतों ने धावा बोल कर 19 हजार रुपये नगदी सहित पांच लाख रुपये के जेवर लूट लिये. घटना शिकारगंज थाना क्षेत्र के कपूर पकड़ी कसवा टोला में हुई. अपराधियों ने रिटायर्ड शिक्षक जगदेव साह के मुख्य द्वार के गेट को हथौड़ा व कुल्हाड़ी से प्रहार कर तोड़ दिया. इसके बाद अंदर प्रवेश किया. इस दौरान करीब एक घंटे तक तांडव मचाया. घर में घुसते ही डकैतों ने घर की सभी महिलाओं को एक कमरे में बंद कर दिया. इसके बाद आराम से एक-एक कमरे की तलाशी ली. पेटियों व बक्सों को तोड़ जेवर और नगदी सहित अन्य सामान लेकर निकल गये.
रिटायर्ड शिक्षक के घर डाका
चिरैया (पूचं) : सेवानिवृत्त शिक्षक के घर बुधवार की रात तीन दर्जन डकैतों ने धावा बोल कर 19 हजार रुपये नगदी सहित पांच लाख रुपये के जेवर लूट लिये. घटना शिकारगंज थाना क्षेत्र के कपूर पकड़ी कसवा टोला में हुई. अपराधियों ने रिटायर्ड शिक्षक जगदेव साह के मुख्य द्वार के गेट को हथौड़ा व कुल्हाड़ी […]

गृहस्वामी ने बताया कि डकैत जैसे ही मेन गेट के पास पहुंचे, उनका नाम रख गेट खोलने के लिए कहा. जब वे गेट के पास पहुंचे, तो तीन दर्जन से अधिक की संख्या में अपराधी खड़े थे. डकैतों को देखने के बाद उन्होंने अपने तीनों पुत्रों परमेंद्र प्रसाद, शैलेंद्र प्रसाद व दीपक कुमार पीछे के दरवाजे से निकल कर गांव की ओर भाग गये. तीनों ने गांव में जाकर ग्रामीणों को इसकी सूचना दी, लेकिन किसी ने भी मौके पर जाने की हिम्मत नहीं जुटायी. घटना को अंजाम देने के बाद सभी डकैत आसानी से दक्षिण दिशा की ओर भाग निकले.
गेट तोड़ने में लगा आधा घंटा
डकैतों को मेन गेट तोड़ने में करीब आधा घंटे का समय लगा था. गेट तोड़ने की आवाज पड़ोसी गांव तक सुनायी दे रही थी. ग्रामीणों ने इस घटना की सूचना रात में ही पुलिस को दी. इसके बाद भी पुलिस गुरुवार की सुबह घटनास्थल पर पहुंची. इससे ग्रामीणों में आक्रोश था. गृहस्वामी के पुत्र परमेंद्र प्रसाद ने बताया कि सभी डकैत बंदूक, कुल्हाड़ी व हथौड़ा लिये हुए थे. कुछ डकैत हाफ-पैंट व शर्ट तथा कुछ लुंगी भी पहने थे. सभी आपस में हिंदी व भोजपुरी में बात कर रहे थे.
समय पर पहुंचती पुलिस तो नहीं होती घटना
गृहस्वामी की विवाहिता पुत्री विभा देवी के जेवर भी डकैत अपने साथ ले गये. ग्रामीणों ने बताया कि घटनास्थल से थाना की दूरी तीन किलोमीटर है. अगर पुलिस समय पर पहुंच जाती, तो डकैत आसानी से पकड़े जा सकते थे. थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि गृहस्वामी के बयान पर अज्ञात डकैतों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. इनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. घटना की खबर मिलते ही सिकरहना डीएसपी बमबम चौधरी ने पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया.
शिकारगंज के कपूर पकड़ी की घटना
परिजनों को बंधक बना आधा घंटा तक की लूटपाट
19 हजार नगद सहित पांच लाख के आभूषण ले गये अपराधी
तीन दर्जन की संख्या में आये थे डकैत
सूचना के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची