राहत. बैंक की पहल से िन:सहाय परिवार को इस सुविधा का मिलेगा लाभ
अन्य शादीवाले परिवार के लाेग भी बैंक से ले सकते हैं राशि
मोतिहारी : सरकार द्वारा जारी निर्देश के आलोक में शादी वालों को ढाई लाख तक निकासी की सुविधा आरंभ कर दी है. इस कड़ी में सेंट्रल बैंक ने बंगरी पीपराकोठी स्व रामदर्शन ठाकु र की पत्नी को घर जाकर मांग के अनुरूप एक लाख 90 हजार भुगतान किया गया. भुगतान करने क्षेत्रीय प्रबंधक हरिशंकर ठाकुर और एलडीएम आरएन भारती घर तक गये थे. स्व ठाकुर के छोटे पुत्र की शादी दो नवंबर को है. इस तरह भुगतान की लोगों में सराहना हो रही है. एलडीएम श्री भारती ने बताया कि अगर कोई बैंक आने में लाचार है और घर में शादी है तो नगद राशि घर पहुंचायी जायेगी. श्री भारती ने कहा कि राशि की कोई कमी नहीं है,
जिनके घर शादी है वे निर्धारित सीमा तक राशि निकाल सकते है. यह लाभ लड़का और लड़की पक्ष के एक-एक व्यक्ति घोषित राशि शादी कार्ड व अन्य कागजात दिखाने के बाद ले सकते है. उन्होंने कहा कि कुछ लोग ज्यादा राशि निकाल घरों में रख रहे है. ऐसे में आवश्यकतानुसार ही राशि निकाले ताकि दूसरे को इसका लाभ मिल सके.
बैंकों में बुजुर्गों को मिली सुविधा : शनिवार को विभिन्न बैंकों में बुजुर्ग यानि वरिष्ठ नागरिकों को विशेष सुविधा दी गयी. एलडीएम आरएन भारती ने बताया कि बैंकों में भीड़ कम रही. पंक्ति में खड़े सम्मानित नगारिकों को बुलाकर काउंटर से राशि भुगतान की गयी. विभिन्न बैंकों से करीब 40 लाखा का भुगतान व नोट बदला गया. शाखा प्रबंधक के विरुद्ध पीएम को लिखा पत्र : केसरिया. थाना क्षेत्र के कुंडवा निवासी जीकरूल्लाह खां ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के स्थानीय शाखा प्रबंधक की मनमानी के खिलाफ प्रधानमंत्री को पत्र लिखा है. अपने पत्र में श्री खां ने बताया है कि आपके आदेश की बैंक में धज्जियां उड़ायी जा रही है. रुपया बदलने के लिए घंटों लाइन में लगाने के बाद मुझे रुपये नहीं दिये गये. जबकि कुछ खास लोगों को वे सुविधा उपलब्ध कराया जा रहा है. मैं और मेरे परिवार के लोग बीमार हैं. रुपये नहीं मिलने के कारण मैं दवा नहीं खरीद सका. दवा नहीं मिलने से मेरी बीमारी बढ़ गयी है. इस संबंध में शाखा प्रबंधक प्रशांत कुमार ने बताया कि राशि उपलब्ध नहीं रहने के कारण एक्सचेंज नहीं किया जा सका.
जमा-निकासी व एक्सचेंज को लगी लंबी कतार : केसरिया . पर्याप्त मात्रा में बैंक में रुपये नहीं आने से लोग परेशान हैं. नौ दिन बीत जाने के बाद भी बैंकों में भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है. प्रखंड मुख्यालय के सभी बैंकों का हाल लगभग एक ही जैसा है. बैंकों में नोट बदलने और जमा-निकासी करने में लोगों का पसीना छूट रहा है. दिन भर लाइन में रहने के बाद भी रुपये नहीं मिल पा रहे हैं.
