मोतिहारी : अरेराज में ससुराल वालों ने दहेज के लिए एक विवाहिता को जिंदा जलाने का प्रयास किया. शोर मचाने पर पड़ोसियों ने पहुंच उसकी जान बचायी. घटना शुक्रवार शाम की बतायी जा रही है. घटना को लेकर पीडि़ता बेबी देवी ने महिला थाना में आवेदन देकर पति कुंदन पंडित, ससुर किशुन पंडित, सास रामज्योति देवी,
अमित पंडित,मनीष पंडित व प्रियंका देवी को आरोपित किया है. महिला थाना प्रभारी नीरू कुमारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है. पीडि़ता ने पुलिस को बताया है कि उसकी शादी 16 अक्तूबर 2010 को कुंदन पंडित के साथ हुई थी. शादी के बाद से ही उनके द्वारा मायके वालों से दहेज में दो लाख कैश व बाइक मांगने के लिए दबाव दिया जाने लगा. इंकार करने पर हमेशा मारपीट व खाना-पानी भी बंद कर प्रताडि़त किया गया. शुक्रवार की शाम उक्त सभी आरोपियों ने हत्या की नीयत से हाथ-पैर बांध केरोसिन छिड़क जलाने का प्रयास किया, शोरगुल पर आसपास के लोग इकठ्ठे हुए तो जान बची. रात होने पर सारा आभूषण व कपड़ा छीन घर से धक्का देकर भगा दिया. फिलहाल बेबी अपनी तीन बच्चियों को लेकर शहर के धर्मसमाज चौक स्थित मायके में है.
