मोतिहारी : कैश की कमी के चलते जिला के लगभग सभी बैंकों में गहमागहमी की स्थिति रही. ग्राहक रूपये को एक्सचेंज करने को ले दिन भर इस बैंक से उस बैंक का चक्कर काटते रहे लेकिन कम मात्रा में कैश होने से बहुत से ग्राहकों को बिना कैश लिये वापस घर लौटना पड़ा. एसबीआइ बापूधाम मोतिहारी शाखा के कैश ऑफिसर आरएन भगत तथा रामनारायण प्रसाद ने बताया कि कैश की कमी के कारण पुराने नोट का एक्सचेंज कम मात्रा में किया जा रहा है. एक्सचेंज के लिए काफी संख्या में उपभोक्ता बैंक आ रहे है
लेकिन उतने का एक्सचेंज संभव नहीं है. इस संबंध में श्रीकृष्ण नगर निवासी नीरज सिंह उर्फ बब्लू ने बताया कि पैसा एक्सचेंज कराने में सबसे ज्यादा दिक्कत आम आदमी को हो रहा है. इससे ज्यादा परेशानी अमीर वर्ग के लोगों को नहीं है. दिन भर लाइन लगने के बावजूद गरीब उपभोक्ताओं को पैसा नसीब नहीं हो पा रहा है, जिसको लेकर काफी परेशानी है. श्री बबलू ने बताया कि प्रधानमंत्री का फैसला सराहनीय है लेकिन गरीब वर्ग के लोगों को तबाही है. वहीं खाताधारी संजय कुमार, चंद्रशेखर तथा अशोक गुप्ता ने बताया कि पैसा एक्सचेंज के लिए पांच घंटे से लाइन में खड़े है लेकिन बैंक कर्मी सुनने को तैयार नहीं है.
