उत्पाद पुलिस की जांच में हुआ खुलासा
मोतिहारी : दूसरे प्रदेशों से शराब की खेप जिले में पहुंच रही है. अन्य सामान की आड़ में पंजाब व हरियाणा से भारी मात्रा में शराब तस्करी कर यहां लाये जा रहे हैं. तस्करों का सिंडिकेट पूरे राज्य तक फैला हुआ है. इसका खुलासा शनिवार को संग्रामपुर में जब्त विदेशी शराब से हुआ है. मामले में कारोबारी दीपक कुमार को चिह्नित किया गया है. वह संग्रामपुर का रहने वाला है. फिलहाल दीपक फरार चल रहा है. मामले में उनके विरुद्ध नये उत्पाद अधिनियम के तहत रविवार को उत्पाद थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
इसकी पुष्टि करते अधीक्षक उत्पाद केशव कुमार झा ने बताया कि सूचना पर संग्रामपुर थाना से महज सौ गज की दूरी पर गोदाम से 528 बोतल विदेशी शराब जब्त की गयी. उन्होंने कहा कि जब्त शराब पंजाब निर्मित है. प्रथम दृष्ट्या जांच में तस्करी कर शराब पंजाब के चंडीगढ से लाये जाने का खुलासा हुआ है. चंडीगढ से हाजीपुर के लिए कॉपी लदे ट्रक के अंदर शराब की खेप लायी गयी थी. फिर हाजीपुर से शराब की खेप जगह-जगह जिलों को सप्लाई की गयी. अधीक्षक उत्पाद ने बताया कि मामले में तस्करी से जुड़े सिंडिकेट के बारे में अन्य जानकारी जुटायी जा रही है.
सिकरहना>>1500 बोतल नेपाली शराब व टेंपो जब्त
नेपाल से टेम्पो बीआर05पीए/4521 पर लादकर ले आ रहे 1500 बोतल नेपाली शराब के साथ तीन तस्कर को कुंडवा चैनपुर पुलिस ने शनिवार की रात्रि गश्ती के दौरान महमुआ बोर्डर से गिरफ्तार कर लिया. तीनों तस्कर मोतिहारी मुफसिल थाना के बासमन कॉलोनी निवासी रवि मंडल, बसवरिया गांव निवासी विनोद दास एवं बसतपुर गांव निवासी हरेंद्र कुमार है. थानाध्यक्ष अभय कुमार ने इसकी पुष्टि की है़
