दुस्साहस. पुलिस ने कराया मुक्त, तीन गिरफ्तार
तीन दिनों से हेनरी बाजार में बंधक बने रहे दंपती
महिला को ले जा रहे थे ठिकाना लगाने
पुलिस ने पति को निबंधन कार्यालय से छुड़ाया
साजिशकर्ता व्यवसायी अजय लुडिया पकड़ाया
मोतिहारी : नगर पुलिस ने हेनरी बाजार में तीन दिनों से बंधक बनायी गयी मुजफ्फरपुर की दंपती को मुक्त करा लिया. उनके रिश्तेदारों ने संपत्ति रजिस्ट्री कराने के लिए दंपती को तीन दिनों से घर में बंधक बना कर रखा था.
बुधवार को कुछ लोग अंजली अग्रवाल को गाड़ी में बैठा ठिकाना लगाने जा रहे थे, जबकि कुछ लोग उसके पति विनय अग्रवाल को धमका कर जमीन रजिस्ट्री कराने के लिए निबंधन कार्यालय पहंुचे थे. अंजली पीपराकोठी में चकमा देकर गाड़ी से उतर गयी, उसके बाद नाका दो प्रभारी रविशंकर कुमार के मोबाइल पर मैसेज कर घटना की जानकारी दी. पुलिस ने पीपराकोठी पहंुच कर अंजली को मुक्त कराते हुए मेवालाल प्रसाद व मुन्ना प्रसाद को गाड़ी सहित गिरफ्तार कर लिया.
वहीं नाका चार के प्रभारी धीरज कुमार ने निबंधन कार्यालय से विनय अग्रवाल को अभिरक्षा में लेकर व्यवसायी अजय लुडि़या को दबोच लिया. अजय लुडिया हेनरी बाजार का रहने वाला है. वह विनय अग्रवाल का रिश्ते में चचेरा भाई लगता है. घटना को लेकर विनय अग्रवाल के नगर थना में आवेदन दिया है. उसने अजय लुडिया, उसकी पत्नी सुनीता देवी, मेवालाल प्रसाद, मुन्ना प्रसाद सहित अन्य के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है.उसने पुलिस को बताया है कि अजय लुडिया का पुत्र निखिल लुडिया गोपालगंज में शराब के साथ पकड़ा गया था. जमानत पर छुटकर घर आया.उसके घर आने पर मुजफ्फरपुर से मिलने चला आया.
यहां आने पर अजय लुडिया ने यह कहते हुए बंधक बना लिया कि तुमने ही साजिश रचकर निखिल को शराब के साथ पकड़वाया है. उसको जेल से छुड़ाने में दस लाख खर्च हुआ है. दस लाख रुपये वसूलने के लिए बंधक बना लिया. दो दिनों तक मारपीट की.पैसा,अंगूठी,घड़ी व मोबाइल छीन लिया.मुजफ्फरपुर से पत्नी आयी तो उसको भी घर में कैद कर लिया.सादा कागज व स्टॅॉप पर जबरन हस्ताक्षर कराने के बाद बुधवार को जान मारने की नीयत से पत्नी को गाड़ी में बैठा कर ले गये.
वहीं विनय को जमीन रजिस्ट्री कराने के लिए निबंधन कार्यालय लेकर पहंुचे.नगर इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि मामला गंभीर है.तीन लोग पकड़े गये है.उनको न्यायिक हिरासत में भेजा जायेगा.
शहर के मेन रोड में है विनय की जमीन : विनय अग्रवाल की जमीन शहर के मेन रोड में है. वह अपनी पत्नी व बच्चे को लेकर मुजफ्फरपुर में रहता है. उसका कहना है कि मोतिहारी शहर की जमीन पर पट्टीदारों से विवाद चल रहा है. इसके कारण पत्नी के साथ मुजफ्फरपुर में रहकर एक मोटर पार्टस का बिजनेश करता है.
अजय लुडिया पर पुलिस भी दर्ज करेगी केस: नगर इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि अजय लुडिया व उसकी पत्नी सुनीता देवी पर पुलिस पदाधिकारी के साथ नोकझोंक करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने को लेकर पुलिस केस दर्ज करेगी. उन्होंने बताया कि दम्पत्ति को बंधक बना रखने की सूचना पर मंगलवार को नाका दो प्रभारी रविशंकर कुमार दलबल के साथ उसके घर पहंुचे थे, लेकिन सुनीता व उसके पति सहित परिवार के अन्य लोगों ने गाली गलौज, नोकझोंक कर पुलिस पदाधिकारी को भगा दिया था. इस मामले में नाका दो प्रभारी रविशंकर के बयान पर अलग से एक प्राथमिकी दर्ज की जायेगी.
