व्यवसायी को मारने की थी जोरदार घेराबंदी

मोतिहारी : पताही के कपड़ा व्यवसायी उमेश साह पर बुधवार की रात अपराधियों ने हत्या की नीयत से हमला किया था. व्यवसायी की हत्या के लिए अपराधियों ने जबरदस्त फिल्डिंग लगायी थी. उमेश पताही बाजार से जब अपनी दुकान बंद कर बाइक से बेलाबैजू गांव के लिए चले तो एक बाइक पर सवार दो अपराधी […]

मोतिहारी : पताही के कपड़ा व्यवसायी उमेश साह पर बुधवार की रात अपराधियों ने हत्या की नीयत से हमला किया था. व्यवसायी की हत्या के लिए अपराधियों ने जबरदस्त फिल्डिंग लगायी थी. उमेश पताही बाजार से जब अपनी दुकान बंद कर बाइक से बेलाबैजू गांव के लिए चले तो एक बाइक पर सवार दो अपराधी उनके पीछे लग गये. बाइक सवार अपराधी लगातार डीपर जला रहे थे. व्यवसायी को लगा कि बाइक वाला साइड मांग रहा है. उन्होंने साइड दिया, लेकिन अपराधी आगे नहीं बढ डीपर दिये जा रहे थे.

रूपौलिया पोखर के पास पहले से 10-12 बदमाश खड़े थे. वहां पहंुचते ही बाइक सवार दोनों अपराधी आगे निकले और सामने बाइक खड़ी कर घेर लिया. पहले से खड़े अपराधियों में एक ने गरदन पर हंसुआ (धारदार हथियार) रख दिया. व्यवसायी के अनुसार, उन्होंने अपराधी के हाथ से हंसुआ छीनने के लिए उससे हाथापायी शुरू की,
लेकिन तबतक सभी अपराधी पास आकर खिंचते हुए झाड़ी की तरफ ले गये, उसके बाद चाकू व हंसुआ से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हत्या की नीयत से गोली चलायी.गोली के छर्रा से उनका चेहरा जख्मी हो गया. मरा हुआ समझ सभी अपराधी फायर करते हुए भाग निकले.
छतौनी स्थित रहमानिया अस्पताल में भर्ती व्यवसायी ने बताया कि हाल में उनको भाजपा प्रखंड अध्यक्ष मनोनीत किया गया है. पंचायत चुनाव में मुखिया के प्रत्याशी भी रहे थे. उनको शक है कि राजनीतिक प्रतिद्वंदीता में उनपर कातिलाना हमला हुआ है. हालांकि उन्होंने अपराधियों को पहचानने से इंकार किया. कहा उनकी उम्र 20-22 वर्ष के करीब थी. बाइक सवार एक अपराधी का रंग गोरा व बाल लम्बा था.
सूचना के आधा घंटा बाद पहुंची पुलिस: व्यवसायी को स्थानीय पुलिस से शिकायत है.उनका कहना है कि अपराधियों के जाने के बाद वह दौड़ कर बगल के गांव में पहुंचे. एक ग्रामीण से मोबाइल लेकर पुलिस के पास फोन किया. उस समय करीब सात बज रहा था. सूचना के आधा घंटा बाद पुलिस घटना स्थल पर पहुंची. तब तक ग्रामीण उनको पीएचसी में भर्ती करा चुके थे. उनका कहना है कि रूपौलिया पोखर के पास हमेशा घटनाएं होती है. वहां पुलिस की पेट्रोलिंग चुस्त-दुरूस्त करने की जरूरत है.
बाइक व कैश लूट भाग निकले अपराधी : व्यवसायी ने बताया कि अपराधी उनकी बाइक लेकर भाग निकले. बाइक की डिक्की में सात-आठ हजार कैश था. पॉकेट से मोबाइल भी छीन लिया. उन्होंने बताया कि पताही बाजार में उनकी छोटी सी कपड़े की दुकान है. बुधवार की शाम तक के बिक्री का पैसा डिक्की में रख घर जा रहे थे.
रूपौलिया पोखर के पास भी थे 10-12 बदमाश
कपड़ा व्यवसायी के साथ भाजपा के प्रखंड अध्यक्ष भी हैं उमेश
पताही से ही बाइक सवार दो अपराधी लगे थे पीछे
पहले चाकू व हंसुआ से ताबड़तोड़ मारा
अपराधियों ने मारी गोली, छर्रा से चेहरा हुआ जख्मी
अपराधियों को पहचानने से किया इनकार
पुलिस ने पूछताछ के लिए एक युवक को उठाया

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >