मोतिहारी : पंचायत चुनाव में मतगणना के समय गोढवा पंचायत के मुखिया प्रत्याशी राजु बैठा के साथ मारपीट व अभद्र व्यवहार करने के आरोप में दारोगा मनोज प्रभाकर व सुरेंद्र कुमार यादव सहित अन्य अज्ञात पुलिसकर्मियों के विरुद्ध अजा/जजा थाना में सोमवार को दलित उत्पीड़न का मामला दर्ज कर लिया गया.
दोनों दारोगा का तबादला पश्चिमी चंपारण जिला में हो चुका है. थानाध्यक्ष विनोद कुमार दास ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गयी है. राजु बैठा ने आरोप लगाया है कि पंचायत का मतगणना शहर स्थित महारानी जानकी कुंअर इंटर कॉलेज में चल रहा था. छह जुन 2016 को मतगणना केंद्र में जाने के लिए लाइन में खड़ा था. इस दौरान ड्यूटी पर तैनात उक्त पुलिस पदाधिकारियों ने प्रवेश पत्र देखने के बाद आंख दिखाते हुए पूछा कि अच्छा तुम्हीं राजु बैठा हो.इतना कहने के बाद दारोगा सुरेंद्र कुमार यादव ने ने अपने सहयोगी मनोज प्रभाकर से कहा कि इनकी अच्छी तरह तलाशी व क्लास लो,
उसके बाद दोनों पुलिस पदाधिकारियों ने अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया. विरोध करने पर मारपीट के साथ जाति सूचक गाली दी. पॉकेट से पांच सौ नकद निकालने का भी आरोप लगाया है. कहा है कि प्रतिद्वंदी मनोज बैठा के इशारे पर पुलिस पदाधिकारियों ने मारपीट व अभद्र व्यवहार किया. बताते चले कि राजु बैठा ने पहले थाना में आवेदन दिया था, लेकिन पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज नहीं की.उसने लोक शिकायत निवारण कार्यालय में आवेदन देकर कार्रवाई की मांगी की. मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी ने प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया था.
