परेशानी. नाला जाम होने से सदर अस्पताल परिसर में जलजमाव
मुख्य गेट व परिसर में जलजमाव से बदबू
तीन दिनों से बनी है यह स्थिति
बेबी केयर यूनिट के पास कचरे का ढेर
मोतिहारी : सदर अस्पताल के मुख्य द्वार सहित अस्पताल कैंपस में पिछले तीन दिनों से जल-जमाव का नजारा देखने को मिल रहा है. मरीज एवं चिकित्सकों को कपड़ा उठा कर चलना पड़ रहा है. वही नवनिर्मित बेबी केयर यूनिट के समीप कचरा का अंबार लगा हुआ है. अस्पताल के शौचालय का पानी सदर अस्पताल कैंपस में लगे पानी से मिल कर दुर्गंध दे रहा है. जिससे गंभीर बीमारियां होने की संभावना व्यक्त की जा रही है. यदि शीघ्र पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं की गयी तो मरीज और बीमार पड़ जायेंगे.
सदर अस्पताल के मुख्य द्वार पर जल-जमाव : सदर अस्पताल के मुख्य द्वार पर एक फीट का गड्ढा है. इस गड्ढा में बारिश के समय तीन से चार फीट तक पानी भर जाता है, जिससे मेन रोड पर भी दो फुट तक पानी आ जाता है. स्थानीय लोग बताते हैं कि कई बार यहां मरीज को अंदाज नहीं होने के कारण गिर जाते है. पैर से बीमार लोगों को रिक्शे का सहारा लेकर अस्पताल कैंपस में प्रवेश करना पड़ता है. यदि रिक्शा चालक को इस द्वार का अंदाज नहीं हो तो उलट भी सकता है, और इस गड्ढे में मरीज गिर भी सकता है. जिससे और भी उसकी परेशानी बढ़ सकती है. गंभीर मरीजों के लिए काफी परेशानी का सबब बन जाता है.
यहां तक कि चिकित्सकों की कार में भी यहां से गुजरने पर पानी प्रवेश कर जाता है. स्थानीय लोग बताते हैं कि पानी का निकास नहीं है, नाला जाम है, जिसके कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई है.
बेबी यूनिट केयर के सामने गंदगी का अंबार : नवजात शिशुओं के लिए बन रहे बेबी यूनिट केयर के समीप गंदगी का अंबार लगा है. यहां डिस्पोजेबल सिरिंज, दवा की खाली शीशियां एवं कार्टून फेंका रहता है. साथ ही जल-जमाव होते ही इन दवा के शीशियां, खाली पलास्टिक के थैली मल-मूत्र का त्याग यहां फैला हुआ नजर आयेगा. यदि एक बार इस होकर मरीज गुजर जाये तो उसके पैर में नोचनी पकड़ लेता है, जब कि यह सबसे सिंसेटिव जगह है. क्योंकि यहां नवजात शिशु शीघ्र ही किसी संक्रामक रोग के शिकार हो सकते हैं.
डॉक्टर्स कक्ष के सामने भी जल जमाव : तत्कालीन डीएम जितेंद्र श्रीवास्तव व वर्तमान डीडीसी सुनील यादव ने निरीक्षण के क्रम में जल-निकासी का निर्देश दिया था जिसका पालन अब तक नहीं हुआ है.
संभल कर जायें, अस्पताल गेट पर है एक से डेढ़ फुट गड्ढा
पानी की निकासी के लिए सदर अस्पताल कैंपस में नाला का निर्माण किया जा रहा है. शीघ्र ही इसका हल हो जायेगा.
– डाॅ मनोज कुमार, अस्पताल अधीक्षक, सदर
