पांच बदमाशों का संगठित गिरोह दे रहा था घटना को अंजाम
बैंक से पैसा निकालने वाले व महिलाएं रहती थीं टारगेट पर
कैश झपटमारी व चेन स्नैचिंग की छह घटनाओं का खुलासा
मोतिहारी : नगर पुलिस के हत्थे चढ़े दो चेन स्नेचरों ने कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकारी है. उनका एक संगठित गिरोह है, जो चेन स्नेचिंग के साथ-साथ बैंक से रुपये निकालने वालों से झपटमारी भी करते हैं. उनके गिरोह में पांच बदमाश है. पुलिस ने मुन्ना कुमार व अर्जुन सिंह को गिरफ्तार कर लिया है.
वहीं दोनों की निशानदेही पर शहर के पचमंदिर बनीयापट्टी के गोलू सोनार, अमलापट्टी के रिशु कुमार व हनुमानगढी के मनीष राज की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है. अर्जुन ने पुलिस के समक्ष फरार उक्त तीनों साथियों के नाम का खुलासा किया है. साथ ही चेन, मोबाइल व कैश झपटमारी की आधा दर्जन घटनाओं का खुलासा करते हुए अपनी संलिप्तता स्वीकारी है.
उसने पुलिस को बताया है कि सबसे पहले 16 मार्च को चांदमारी स्थित मार्डन पब्लिक स्कूल के पास एक व्यक्ति से मोबाइल छीना.
दूसरी घटना छतौनी बैंक ऑफ इंडिया से रुपये निकाल घर जा रहे एक व्यक्ति से झोला सहित 49 हजार रुपये की झपटमारी, एडीबी बैंक से पैसा निकाल चांदमारी चौक पर टेंपो से उतरी एक महिला से एक लाख 20 हजार की झपटमारी, 15 अगस्त को रेडक्रास के पास चेन स्नेचिंग, 29 अगस्त की रात बलुआ ओवरब्रिज व एक महिला के गले से चेन स्नेचिंग व 28 अगस्त की रात गायत्री मंदिर के पास डाॅ राजेश अस्थाना की पत्नी की गले से चेन स्नेचिंग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकारी है.
उसने पुलिस को बताया है कि सभी घटनाओं में उसके पांचों साथी शामिल हैं. नगर इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों के पास से डॉक्टर की पत्नी व ओवरब्रिज के पास एक महिला से छीना गया चेन रिकवर भी हुआ है.
30 अगस्त की रात भी निकले थे चेन झपटने : पांचों बदमाश मंगलवार की रात पंचमंदिर चौक के पास चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने के लिए इकठ्ठे हुए थे. इससे पहले पुलिस गुप्त सूचना पर घेराबंदी कर दी. मौके से तीन बदमाश भाग निकले, जबकि दो पकड़े गये.
बरामद दोनों बाइक का पुलिस कर रही सत्यापन
चेन स्नैचरों के पास से बरामद दोनों आपाची बाइक का पुलिस सत्यापन में जुटी है. पुलिस को शक है कि दोनों बाइक चोरी या लूट की है. उनके पास से एक उजला व एक काले रंग की आपाची बाइक बरामद हुई है.
रिशु के पास है रेडक्रास के पास से झपटी गयी चेन
अर्जुन ने पुलिस को बताया है कि रेडक्रॉस के पास से एक महिला के गले से छीनी गयी सोने की चेन रिशु के पास है. उसने बताया है कि आठ-10 चेन छीनने के बाद सभी को एक साथ बेचने की प्लानिंग हुई थी.
