मोतिहारी : पूर्वी चंपारण जिले में जनता दल यू के सदस्यता अभियान के साथ पंचायत, प्रखंड और जिलाध्यक्ष पद को ले चुनाव की तैयारी शुरू हो गयी है. विभिन्न पदों के दावेदार राजनीति शतरंज की गोटी बिछाने व शाह-मात की खेल में बाजी अपने पक्ष में करने को ले कदावर नेताओं के संपर्क साध पटना तक दौड़ लगा रहे हैं. इधर पार्टी सदस्यता अभियान की समीक्षा के साथ वैसे कदावर व स्वच्छ छवि के नेता को दायित्व सौंपना चाहती है
जो पार्टी के जनाधार को शिखर तक पहुंचा सके. लोस चुनाव और विधान सभा चुनाव में पार्टी की हार को अगले चुनाव में कौन व्यक्ति जीत में बदल सकता है. विस में पांच सीटें थी, लेकिन इस बार एक भी सीट नहीं मिली. उस समय भाजपा से गठबंधन था. इस बार राजद को 12 में चार सीटे मिली और भाजपा की सीटों की संख्या में इजाफा हुआ. ऐसे में जिम्मेवारी सौंपने के लिए पार्टी फूंक-फूंक कर कदम रख रही है. 27 प्रखंडों के लिए निर्वाचन पदाधिकारी बना दिया गया है जो 26 अगस्त से पंचायत पदाधिकारियों का चुनाव करायेंगे.
पार्टी सूत्रों के अनुसार एक से आठ सितंबर तक प्रखंड अध्यक्ष पद का चुनाव और उसके बाद 12 से 15 अगस्त के बीच जिलाध्यक्ष का चुनाव संभावित है. जिलाध्यक्ष के दौर में वर्तमान अध्यक्ष प्रो दिनेश चंद्र प्रसाद तो है ही इसके अलावा पूर्व विधायक महेश्वर सिंह, युवा नेता विशाल कुमार शाह, पूर्व विधायक मोहम्मद ओबैदुल्लाह, प्रमोद सिन्हा, मोहम्मद वशी अख्तर आदि के नाम की भी चर्चा है. पार्टी सूत्रों के अनुसार 2006 में मोहम्मद ओबैदुल्लाह चुनाव जीते थे तब विरोधी को समर्थन नहीं मिला था. उनके बाद प्रो दिनेश चंद्र प्रसाद, फिर प्रमोद सिन्हा बने, जिनके कार्यकाल में लोस चुनाव हुआ. इनके बाद फिर प्रो दिनेश चंद्र प्रसाद बने, जिनके समय विधान सभा का चुनाव राजद गंठबंधन के साथ हुआ. इधर फिर प्रो प्रसाद का कार्यकाल बढ़ा है. अब जबकि सितंबर माह में अध्यक्ष का चुनाव होना है. ताज किसके सिर सजेगा कहना मुश्किल है क्योंकि ताज के पीछे की डोर बांधने के लिए सदस्यता संख्या जरूरी बताया जा रहा है. इधर पूछने पर पार्टी प्रवक्ता ब्रजेश श्रीवास्तव ने कहा कि प्रत्याशी कई लोग हो सकते हैं. लेकिन पार्टी में अध्यक्ष पद का चुनाव सर्वसम्मति से होगा. 2019 के लोस चुनाव को लेकर पार्टी को और मजबूत किया जायेगा.
