गोलीकांड के विरोध में व्यवसायियों ने बंद रखीं दुकानें, जाम की सड़क
बांस व बल्ला लगाकर की सड़क जाम
मोतिहारी : गणपति ट्रेडर्स के मालिक विक्रम को गोली मारने को लेकर शनिवार को गांधी चौक तथा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया बाजार ब्रांच के समीप बांस व बल्ला लगाकर सड़क जाम किया गया तथा दुकानें को बंद कराया गया. बंदी के कारण शहर में काफी धक्का-मुक्की की स्थिति रही. आवागमन पूरी तरह बाधित रहा, जिसके कारण यात्रियों तथा बाहर से दिखाने आये मरीजों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी. बीच सड़क पर यात्री तथा मरीज रास्त बंद होने के कारण धुप में घंटो खड़े रहे. बाद में प्रशासनिक पहल तथा व्यवसायियों से वार्त्ता के बाद लगभग 12.30 बजे जाम समाप्त हुआ. तब जाकर यात्रियों की परेशानी दूर हुई. छात्र नौजवान सहित सभी व्यवसायी अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे.
व्यवसायियों ने शहर के अपराध पर लगाम लगाने, दुकानों में सीसीटीवी कैमरा लगाने, शहर के सभी जगहों पर पुलिस की तैनाती करने आदि की मांग प्रशासन से की. मौके पर सदर डीएसपी पंकज रावत ने कहा कि व्यवसायियों की सभी जरूरी मांगे पूरी की जायेगी तथा अपराधियों को तुरंत गिरफ्तार किया जायेगा. उन्होंने कहा कि अपराधियों की पहचान कर ली गयी है.
