प्रदूषण नियंत्रण को नगर परिषद की बैठक में लिया गया निर्णय
आवारा पशुओं के विरुद्ध चलेगा स्पेशल ड्राइव
जल-जमाव से निजात को होगी वैकल्पिक व्यवस्था
15 दिन में एलइडी बल्ब लगाने का निर्देश
ड्रेस कोड का पालन नही करने पर होगी कार्रवाई
मोतिहारी : शहर में टेंपो की जगह अब ई-रिक्शा चलेगा. ग्लोबल वार्मिंग की चिंता करते हुए नगर परिषद ने नये वर्ष 2017 से शहर टेंपो परिचालन पर रोक लगाते हुए ई-रिक्शा चलाने का निर्णय लिया है. गुरूवार को नप बोर्ड की बैठक में शहरी क्षेत्र मे बढ़ रहे प्रदूषण को नियंत्रित करने के एजेंडे पर चर्चा के दौरान बोर्ड द्वारा यह निर्णय लिया गया.
प्रदूषण नियंत्रण पर विचार के दरम्यान शहर के मुख्य पथ में खाली जगहों पर पौधा लगाने, जगह-जगह वायु प्रदूषण नियंत्रण को नो हॉर्न जोन का साईन बोर्ड लगाने एवं शहर में ई-रिक्सा चलाने पर सहमति बनी. बैठक की अध्यक्षता कर रहे नप मुख्य पार्षद प्रकाश अस्थाना ने कहा कि प्रदूषण पर समय रहते ध्यान नही दिया गया तो एयर पॉलुशन के मामले में मोतिहारी की स्थिति कुछ वर्ष में दिल्ली जैसी होगी. उन्होंने शहर के खाली जगहों पर नगर विकास वानिकी योजना के तहत पेड़-पौधा लगाने एवं मोतीझील मुख्य पथ किनारे जामुन का पेड़ चालू माह सावन में लगाये जाने का सुझाव दिया.
वही शहर में चल रहे टेंपो पर रोक लगाने के लिए संबंधित टेंपो संचालक संघ के साथ बैठक करने का निर्देश ईओ को दिया. इसके साथ ही बैठक में एलइडी, जल-निकासी, सफाई सहित निर्माण आदि एजेंडों पर चर्चा हुयी. बैठक में नगर विधायक प्रमोद कुमार,उप मुख्य पार्षद मोहब्बुल हक, ईओं अश्वनी कुमार, पार्षद संजीव सिंह, मणिभूषण श्रीवास्तव, कुमकुम सिन्हा, मदन मोहन मिश्र, रीता देवी, सिकन्दर चौरसीया, राजकुमारी देवी, अर्चना बिहारी, नूतन देवी सहित अन्य पार्षदों ने भाग लिया.
सूअर पालनेवाले नप कर्मी होगे बरखास्त: शहरी क्षेत्र में आवारा पशुओं के आतंक को लेकर उप मुख्य पार्षद ने सदन में सवाल उठाया, कहा कि बेलगाम आवारा पशुओं के कारण शहर में जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है. मामले को बोर्ड ने गंभीरता से लेते हुए शहरी क्षेत्र में चिन्हित सूअर पालकों पर सख्ती से कार्रवाई करने एवं नोटिस पर अलम नहीं करने वाले चिन्हित नप कर्मी जो सूअर पालक है, उन्हें निलंबित करते हुए उनके विरुद्ध सेवा समाप्ति की कार्रवाई का निर्णय लिया गया. वही आवारा पशुओं की धर-पकड़ को अभियान चलाने का निर्णय लिया गया.
एलइडी बल्ब के लिए हुआ हंगामा: पिछले तीन साल से एलइडी बल्ब लगाने को लेकर चल रही प्रक्रिया से तंग पार्षदों ने बैठक में जमकर हंगामा किया. आक्रोशित पार्षदों को शांत कराते हुए मुख्य पार्षद ने एक आखिरी मौका देने की बात कही. उन्होंने 15 दिनों के भीतर एलइडी बल्ब का मामला सुलझा लेने का आदेश दिया.
सफाई पर विधायक ने जताया असंतोष: शहर में साफ-सफाई एवं स्टेशन पर कूड़ा उठाव नहीं होने का मामला सदन में उठा. नगर विधायक प्रमोद कुमार ने शहर की साफ-सफाई पर असंतोष जताते हुए व्यवस्था की कमियों को दूर करने की बात कही. उप मुख्य पार्षद मोहब्बुल हक सहित कई वार्ड के पार्षदों ने सफाई कार्य को फेल बताया. ईओ द्वारा मामले में शीघ्र सख्ती बरने का आश्वासन दिया गया.
जल-निकासी को वैकल्पिक व्यवस्था: बरसात होने पर शहर के विभिन्न मुहल्लों में जल-जमाव से निदान के लिए त्वरित कार्य करने का निर्देश दिया गया. मुख्य सभापति ने वैकल्पिक उपाय के तहत जल-निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश दिया. जाम नाला की उड़ाही होगी, जहां नाला नहीं है उन मुहल्लों में पंप सेट से जल निकासी सुनिश्चित करायी जाएगी.
सदन में बैठक के दौरान नप कार्यालय की जर्जर सड़क निर्माण का मामला पार्षदों ने उठाया. मामले पर मुख्य पार्षद ने सदन को बताया कि जब पार्षद ही संवेदक बन गये हैं तो फिर निर्माण कार्य में देरी पर भला क्या कहा जा सकता है. बताया कि सड़क निर्माण को लेकर पहले ही टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है.
