घायल एनआइटी छात्र राजीव का बयान
मोतिहारी : शहर के बेलबनवा गैंगवार में केशव के साथ घायल एनआइटी छात्र राजीव कुमार के बयान पर नगर थाना में बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी है. राजीव ने पुलिस को बताया है कि शनिवार की सुबह करीब नौ बजे बाइक से सब्जी खरीदने बाजार जा रहा था. इस दौरान आनंदधाम मंदिर के पास रिश्तेदार केशव कुमार से मुलाकात हो गयी.
बाइक रोक उससे बात करने लगा. तभी उजले रंग की अपाची बाइक
पर सवार दो नकाबपोश अपराधियों ने पहुंच फायरिंग शुरू कर दी. गोली पैर में लगी और गिर पड़ा. वहीं, केशव जान बचाकर भागा, लेकिन अपराधियों ने उसे खदेड़ कर करीब से गोली मार दी. घटना को अंजाम देकर बाइक सवार दोनों अपराधी गोरख द्वार की तरफ फरार हो गये. उसने पुलिस को बताया है कि अपराधी केशव को मारने आये थे.
इस लिए उसको खदेड़ का गोली मारा. वही सड़क पर मैं गिरा हुआ था, लेकिन मुझपर दुबारा गोली नहीं चलायी. एसपी जितेंद्र राणा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गयी है. उन्होंने बताया कि केशव या उसके परिजनों ने प्राथमिकी के लिए आवेदन नहीं दिया है. उनका आवेदन पर दूसरी प्राथमिकी दर्ज की जायेगी.
अपराधियों के ठिकानों पर छापेमारी
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीम शहर से लेकर सीतामढ़ी व मुजफ्फरपुर में छापेमारी कर रही है. पुलिस की एक टीम घटना को अंजाम देने वाले लड्डु मियां के अलावे उसके करीबी मिस्टर कुमार, राजेंद्र नगर के युवराज सिंह, हेनरी बाजार के छोटू जायसवाल,
छतौनी के देवा गुप्ता सहित अन्य के घरों पर शनिवार रात छापेमारी की, लेकिन सभी घर से फरार थे. एसपी जितेंद्र राणा ने बताया कि घटना को लड्डु मियां ने अंजाम दिया है. यह बात पुलिस अनुसंधान में साफ हो चुका है. उसके साथ घटना में शामिल बदमाश भी चिह्नित हो चुके है.
नगर थाने में बाइक सवार दो
अज्ञात पर एफआइआर
राजीव-केशव रिश्ते में हैं भाई, कर रहे थे बातचीत
केशव के परिजनों के आवेदन पर होगी दूसरी प्राथमिकी
तीन संदिग्धों से चल रही पूछताछ
पुलिस ने शनिवार की रात अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर तीन लोगों को हिरासत में लिया है. तीनों संदिग्ध लड्डु मियां से जुड़े बताये जा रहे है. उनसे पूछताछ चल रही है. वहीं घटना के बाद हिरासत में लिये गये पांच लोगों को पूछताछ के बाद
छोड़ दिया गया. घटना में उनकी संलिप्तता सामने नहीं आयी. उनको पीआर बॉड पर छोड़ा दिया गया है. बताया जा रहा है कि लड्डु के जितने करीबी लोग हैं, घटना के बाद शहर छोड़ चुके हैं. एसपी ने कहा कि बहुत जल्द अपराधी पकड़े जायेंगे. पुलिस उनके पीछे लग चुकी है.
डॉक्टर बोले, अगले 48 घंटे कठिन
पटना के पारस अस्पताल में शनिवार की रात केशव का ऑपरेशन हुआ. डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर सिर में फंसी गोली निकाल दी है, लेकिन डॉक्टरों ने उसके परिजनों को बताया कि अगले 48 घंटे कठिन हैं. कहा है कि 48 घंटे तक उसकी हालत अगर स्थित रहती है तो बचने की संभावना है, फिलहाल कुछ नहीं कहा जा सकता. उसके सिर में लगी गोली महत्वपूर्ण प्वाइंट को चट कर गया है. ऐसे केस में बचने का चांस बहुत कम रहता है. बताते चले कि शनिवार की सुबह अपराधियों ने केशव व उसके रिश्तेदार राजीव कुमार को गोली मार घायल कर दिया था.
