दो गुटों के बीच मारपीट में घायल की मौत के बाद माहौल गमगीन
मृतक का शव पूरी रात ग्रामीणों ने पुलिस को नहीं सौंपा
विधायक थानाध्यक्ष व ग्रामीणों की बैठक में हुआ महापंचायत का निर्णय
पीपरा : आदर्श ग्राम खैरी माल के डीह टोला गांव में गत 23 मार्च को दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में घायल हरि सहनी की मौत की खबर पहुंचते ही मृतक के दरवाजे पर ग्रामीणों एवं उनके सगा संबंधी की भीड़ उमड़ पड़ी. शव शनिवार देर शाम को पहुंचा. प्रशासन की गाड़ी भी साथ-साथ पहुंच गयी. मृतक के परिजन प्रशासन से मुआवजा देने व मुशहर पक्ष से हुई प्राथमिकी से नाम काटने की मांग कर रहे थे.
शव रात भर दरवाजे पर पड़ा रहा. रविवार की सुबह स्थानीय विधायक श्यामबाबू प्रसाद यादव व पीपरा थानाध्यक्ष राजकुमार के नेतृत्व में ग्रामीणों की एक सामूहिक बैठक करायी गयी. ग्रामीणों द्वारा निर्णय लिया गया कि हरि सहनी के श्राद्ध कार्य के बाद आगामी 9 अप्रैल को महापंचायती का आयोजन किया जायेगा. उसी में पंचों द्वारा विचार विमर्श के बाद मामले के निबटारे पर निर्णय लिया जायेगा. इसी क्रम में चकिया बीडीओ शशिकांत कुमार ने मृतक के परिजन को बीपीएल परिवारिक योजना से 20 हजार रूपये तथा कबीर अंत्येष्ठी से 15 सौ रूपया दिया.
उसके बाद परिजनों ने शव का दाह संस्कार किया. मौके पर विधायक श्यामबाबू प्रसाद यादव, बीडीओ शशिकांत कुमार, स्थानीय थानाध्यक्ष राजकुमार, चकिया थानाध्यक्ष ए के आजाद, सरपंच पति मदन बैठा, उपमुखिया नागेंद्र सिंह, रघुनाथ सिंह, सुनील सिंह, राम विजय सिंह, शिवलाल सहनी, भभीखन सहनी, डा बिंदा राम, पारस राम सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे. समाचार प्रेषण तक पुलिस गांव में कैंप कर रही थी.
