शहरी गरीबों के लिए 25 प्रतिशत राशि होगी आरक्षित
नगर परिषद मोतिहारी ने 2016-17 का बजट सर्वसम्मति से पास कर दिया है. बजट में नगर के विकास, कर्मियों की सुविधा के साथ शहरी गरीबों के लिए भी विशेष प्रावधान किया गया है. योजनाओं की 25 प्रतिशत राशि गरीबों के विकास पर खर्च किये जायेंगे.
मोतिहारी : नप के वित्तीय वर्ष 2016-17 के लिए तैयार वार्षिक बजट पर शनिवार को अंतिम मुहर लग गयी. वित्तीय वर्ष के मुनाफा की बजट को पार्षदों ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया. बोर्ड की विशेष बैठक सभापति प्रकाश अस्थाना की अध्यक्षता सम्पन्न हुई. बैठक में चर्चा के दौरान पार्षदों ने बजट में लाये कई नये प्रस्ताव की सराहना की,
तो गत वर्ष के बजट में शामिल कई विकास कार्यो के अबतक पूरा नहीं होने पर भी आपति दर्ज करायी. सभापति श्री अस्थाना में बैठक में बजट के वार्षिक आय-व्यय के लेखा-जोखा के प्रारूप को पेश किया. बजट की घोषणाओं के बाद उन्होंने सभी पार्षदों को समस्याओं के निदान को शीध्र पहल किये जाने का आश्वासन देते हुए अपेक्षाकृत सहयोग करने की अपील की. मौके पर ईओ महेश्वर प्रसाद सिंह, पार्षद मदन मोहन मिश्र, नसीमा खातून, रंजीत गुप्ता, रमेश कुमार, कुमकुम सिन्हा, सिकंदर चौरसिया, सहित अन्य पार्षद मौजूद थे.
बजट में शहरी गरीबों का रखा गया है ख्याल : इस बजट में नप प्रशासन ने शहरी गरीबों का विशेष ख्याल रखा है. बजट में गरीबों के लिए विभिन्न योजनाओं में 25 प्रतिशत तक की राशि आरक्षित की गयी है. उक्त राशि को उनके विकास पर खर्च किये जायेंगे.
76 लाख के मुनाफे का बजट: वर्ष 2016-17 के लिए 95 करोड़ 84 लाख 10 हजार 204 रूपये का बजट तैयार किया गया है. बजट 76 लाख एक हजार 999 रूपये का मुनाफे का है. बजट में कुल आय 95 करोड़ 92 लाख 93 हजार प्राप्त है.
बजट में कर्मियों की आवश्यकता को भी मिला तरहीज : बजट में नप कर्मियों के अवश्यकता पर भी विशेष ध्यान दिया गया है. कर्मियों के लिए आवास सुविधा के अलावे चिकित्सीय सुविधा के लिए अग्रिम राशि भी मिलेगी. वहीं पीएफ ऋण व वेतन की राशि बढ़ायी गयी है.
