पहाड़पुर : ट्रैक्टर व बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत हो गयी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना शनिवार शाम इंगलिश चौक के पास की है. मृतक सटहा नोनया टोली गांव का 22 वर्षीय चंदेश्वर महतो है.
वहीं घायल युवक संजय कुमार भी नोनया टोली का रहने वाला है. दोनों मेला चौक से सब्जी खरीद एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे. इस दौरान इंगलिश चौक के पास ट्रैक्टर से भिड़ंत हो गयी, जिसमें चंदेश्वर महतो की मौत घटना स्थल पर हो गयी.
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंच कर शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं घायल को इलाज के लिए अरेराज रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़ फरार हो गया. थानाध्यक्ष ने बताया कि बाइक व ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है.
