समस्तीपुर : जिले में अपराधी बेलगाम हो चुके हैं. एक के बाद एक अपराधिक घटनाओं को अंजाम देकर जैसे इनलोगों ने तांडव मचा रखा है. पिछले एक पखवारे के अंदर जिस तरह से अपराधिक घटनाओं में इजाफा हुआ है, इससे साफ लग रहा है कि जिला पुलिस के हाथों से लगाम छूट गयी है.
खासकर मंगलवार को जिले में लूट व गोलीबाड़ी की हुई तीन-तीन घटनाओं ने पुलिसिया व्यवस्था की पोल खोल दी है. अपराधिक घटनाओं के बाद पुलिसिया कार्रवाई को देखकर लगता है कि मामलों के एफआईआर से लेकर जांच तक में ही पुलिस बेदम हो जा रही है. खासकर लूट जैसी संगीन अपराधिक घटनाओं में अक्सर पुलिस को कोई ठोस सफलता हाथ नहीं लग रही है.
मंगलवार को जिले के हथौड़ी एवं दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में सशस्त्र अपराधियों ने लूट की दो बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया था. हथौड़ी थाना क्षेत्र के बल्लीपुर गलगल चौक के समीप स्थित साक्षी ट्रेडर्स के मालिक से बाइक सवार अपराधियों ने करीब एक लाख रुपये लूट लिये थे़
वहीं दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के काली चौक स्थित हिन्दुस्तान पेट्रोलियम के पंप पर बाइक सवार अपराधियों ने करीब पचास हजार से अधिक रुपये लूट लिये थे. जबकि हसनपुर थाना क्षेत्र के पुसहो चौक पर मंगलवार की शाम बाइक सवार अपराधियों ने अंधाधुुंध फायरिंग कर पॉल्ट्री फार्म के व्यवसायी लालो महतो एवं उसके पुत्र को गोली मार दी थी.
