बंजरिया : प्राथमिकी स्वास्थ्य केंद्र बंजरिया में मंगलवार को आशा कार्यकर्ताओं ने भुगतान को लेकर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को कार्यालय में बंद कर दिया. उनकी मांग थी कि एक वर्ष से ज्यादा समय हो गया, इसके बावजूद गृह भ्रमण का भुगतान जानबूझ कर क्लर्क सतेंद्र कुमार की मनमानी के कारण नहीं हो रहा है.
आशा प्रभारी को बंद कर क्लर्क को बुलाने की मांग पर अड़ गयी. सूचना पाकर पहुंचे बीडीओ रमेंद्र कुमार भी समझाने में असफल रहे. उन्होंने कहा कि पीएचसी में कोई नियम कानून नहीं है. विभाग व वरीय पदाधिकारियों को प्रभारी व क्लर्क के खिलाफ लिखा जायेगा. ज्ञात हो कि सात मई को भी आशा कार्यकर्ता ने पीएचसी में तालाबंदी कर धरना-प्रदर्शन किया था.
जहां बीडीओ के समक्ष प्रभारी ने भुगतान के लिए एक सप्ताह का समय मांगा था. समय सीमा समाप्त होने पर ही आशा ने फिर से आंदोलन किया. समाचार लिखे जाने तक आंदोलन जारी है, प्रभारी अपने कार्यालय में बंद हैं. प्रदर्शनकारियों में किरण देवी, गुड़ी देवी, शीला देवी, उमा देवी, पूनम देवी, पुष्पा देवी, आशा देवी, रेणु देवी, रंजू देवी, वीणा देवी, मालती देवी शामिल थीं.
